कानपुर के करोड़पति कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड बताई जा रही बहू शालू का एक पार्टी वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है.
ADVERTISEMENT
वीडियो में शालू बिना किसी घबराहट या तनाव के फुल मस्ती में नजर आ रही है. डार्क पर्पल रंग का गाउन पहने शालू फिल्मी गानों पर कभी अपने पति के साथ डांस करती दिख रही है. तो कभी दोस्तों के साथ हंसती-खिलखिलाती नजर आ रही है. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसके दिमाग में क्या चल रहा है. असल में यह वीडियो उसी रात का है, जिस रात रतन आर्बिट अपार्टमेंट में उसके ससुर विनीत मिनोचा का कत्ल किया गया था. आरोप है कि शालू ने ही हत्यारों को घर भेजा था और उन्हें निर्देश दे रही थी.
पार्टी में नाचती रही, उधर घर पर हो गया कत्ल
पुलिस जांच के अनुसार, जिस रात घर पर ससुर की हत्या हुई, उस रात शालू अपने पति सुब्रत के साथ कॉस्मोजिन लाउंज में एक पार्टी में थी. दोनों रात करीब 10:30 बजे वहां पहुंचे थे, जहां 20-25 लोग मौजूद थे. वीडियो में शालू 'तुम तो धोखेबाज हो...' गाने की धुन पर बहुत ही सामान्य तरीके से पति के साथ नाचती दिख रही है, जैसे कुछ हुआ ही न हो.
ऐसे रची गई पूरी साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शालू ने ही कत्ल की पूरी साजिश रची थी. उसने हत्या से पहले अपने नौकरों को घर बुलाया था. इसके बाद नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर ने वारदात को अंजाम दिया. रात करीब 3 बजे शालू अपने पति और बेटे के साथ घर वापस लौटी और ससुर की लाश देखकर नाटक करते हुए आसपास के लोगों को जमा कर लिया. ससुर की हत्या की बाद शालू ने रोने का नाटक भी जमकर किया था.
नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तब शालू की भूमिका का खुलासा हुआ. फिलहाल पुलिस ने शालू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT











