Chandan Gupta Arrested in Russia: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोप लगाया गया है की रूस में एक भारतीय नागरिक को जबरन सेना में भर्ती करने के लिए परेशान किया जा रहा है. दरअसल, यह वीडियो स्नेहा चंदन गुप्ता ने रूस से बनाया है. उन्होंने भावुक होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT
वायरल वीडियो के मुताबिक, कानपुर के रहने वाले चंदन गुप्ता पेशे से इंजीनियर हैं और नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी में काम करते हैं. काम के ही सिलसिले में वह वर्क वीजा पर रूस में तैनात थे. चंदन गुप्ता की पत्नी स्नेहा चंदन गुप्ता ने बताया मॉस्को पुलिस ने बिना किसी गलती के उनके पति को हिरासत में ले लिया है. हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है कि चंदन गुप्ता को किन आरोपों में गिरफ्तार किया गया है.
नोएडा की कंपनी से गए रूस
चंदन गुप्ता उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के रहने वाले हैं और पेशे से एक इंजीनियर हैं. वह नोएडा के सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी के लिए काम करते हैं. कंपनी के कामकाज के सिलसिले में ही वह वर्क वीजा पर रूस गए हुए थे और वहीं तैनात थे.
रूसी सेना में भेजने का दबाव
स्नेहा ने अपने वीडियो में बताया है कि दोपहर करीब 12:30 बजे मॉस्को पुलिस उनके पति को पकड़कर ले गई है. उनका कहना है कि उनके पति ने कोई अपराध नहीं किया है, फिर भी उन्हें जेल में डाल दिया गया है. पत्नी ने दावा किया है कि रूस में सैनिकों की भारी कमी के कारण अब भारतीय नागरिकों को भी जबरन सेना में भर्ती किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मॉस्को डे के आसपास भी उनके पति को परेशान किया गया था.
पीएम और सीएम से मांगी मदद
वीडियो में रोती और भावुक नजर आ रही स्नेहा ने बताया कि उनका एक 10 साल का बेटा भी है और पूरा परिवार बहुत परेशान है. रूसी भाषा न आने के कारण स्नेहा को यह भी समझ नहीं आ रहा है कि पुलिस उनके पति के साथ वास्तव में क्या कर रही है. उन्होंने लोगों से इस वीडियो को शेयर करने की अपील करते हुए पीएम मोदी और सीएम योगी से अपने पति की सुरक्षित घर वापसी की मांग की है.
आधिकारिक बयान का अभी है इंतजार
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि चंदन गुप्ता को किन आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया है. इस पूरे मामले में संबंधित कंपनी, भारतीय दूतावास या रूसी अधिकारियों की तरफ से अभी तक कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि रूस में यह कोई नई घटना नहीं है. इससे पहले भी रूस में भारतीयों नागरिकों को नौकरी के बहाने बुलाकर सेना में जबरन शामिल करने की घटना सामने आई है. चंदन गुप्ता का परिवार अब भारत सरकार से तत्काल दखल देकर चंदन को सुरक्षित वापस लाने की अपील कर रहा है.
यह भी पढ़ें: 'P से प्रभारी और P से...' PDA की नई परिभाषा बताने वाले विनोद तावड़े पर अखिलेश यादव का पलटवार
ADVERTISEMENT











