उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक युवक को पहले टक्कर मारकर गिराया, उसके बाद उसके दोनों हाथ कार की खिड़कियों के शीशों में फंसाकर बंद कर दिए. आरोप है कि आरोपी चलती कार को तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए युवक को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते ले गए. इसके बाद उसे सड़क पर गिराकर उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. यह पूरी खौफनाक वारदात इलाके में लगे 12 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
ADVERTISEMENT
पुरानी रंजिश और विजयादशमी की रात हुआ खूनी हमला
अर्रा के रहने वाले बीरू सिंह भदौरिया एक खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी में सेल्समैन के रूप में काम करते थे. उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा और माता-पिता हैं. परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले बीरू का खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी राजवीर और मेवालाल के साथ विवाद हुआ था जिसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी.
मंगलवार रात जब बीरू दशहरा मेला देखकर अपने घर लौट रहा था तभी रास्ते में मेवालाल, राजवीर और उनके साथियों ने कार से उसे घेर लिया. आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और जब वह जान बचाकर भागा तो उसे कार से टक्कर मारकर गिरा दिया गया.
शीशे में हाथ जकड़कर घसीटा
दरिंदगी की इंतहा यह थी कि आरोपियों ने घायल बीरू को कार की छत पर डालकर उसके दोनों हाथ आगे की खिड़कियों के शीशों के बीच फंसा दिए और शीशे ऊपर चढ़ाकर कस दिए. आरोपी इसी हालत में तेज रफ्तार कार दौड़ाते रहे. राजेंद्र नगर में अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास उसे नीचे गिराया गया और उसके ऊपर से कार गुजार दी गई जिससे उसकी उंगलियां और शरीर बुरी तरह कुचल गया. राहगीर देवेंद्र सिंह चौहान की सूचना पर परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया. बुधवार दोपहर इलाज के दौरान बीरू की दर्दनाक मौत हो गई.
सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की कार्रवाई
घटना के दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं जिसमें तेज रफ्तार कार की छत पर एक युवक फंसा हुआ साफ नजर आ रहा है. परिजनों का दावा है कि रूट पर लगे 12 से अधिक कैमरों में यह क्रूरता कैद है.
परिजनों ने शुरुआत में पुलिस पर समय पर एफआईआर न दर्ज करने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि परिवार की शिकायत पर पुलिस ने कार नंबर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की शुरुआती मोबाइल लोकेशन फतेहपुर के जहानाबाद में मिली है जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं.
ADVERTISEMENT











