करोड़पति ससुर की हत्या के वक्त बेखौफ होकर इस गाने पर डांस कर रही थी शालू, सामने आया उसका वीडियो

सिमर चावला

• 05:39 PM • 09 Sep 2026

कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बहू शालू का वीडियो सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के दौरान वह लाउंज में पति संग डांस कर रही थी और फोन पर आरोपियों को गाइड कर रही थी. पुलिस ने शालू को गिरफ्तार किया.

Kanpur News

Kanpur News

Google CTA

कानपुर के हाई-प्रोफाइल दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में एक ऐसा सनसनीखेज वीडियो सामने आया है जिसने पुलिस प्रशासन से लेकर आम जनता तक के होश उड़ा दिए हैं. एक तरफ घर के अंदर 63 साल के ससुर का बेरहमी से कत्ल किया जा रहा था. वहीं दूसरी तरफ इस कत्ल की साजिश रचने वाली बहू शालू अपने पति के साथ लाउंज में बेफिक्र होकर डांस कर रही थी. चेहरे पर न कोई शिकन, न घबराहट और न ही कानून का खौफ. सुपारी किलर्स को फोन पर कत्ल की पल-पल की गाइडेंस देने वाली 'कातिल बहू' का यह वीडियो अब पुलिस जांच का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है. पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

'तुम तो धोखेबाज हो...' गाने पर पति संग थिरकती रही बहू

सामने आए वीडियो में आरोपी बहू शालू डार्क पर्पल कलर का गाउन पहने बेहद सहज और खुशमिजाज अंदाज में नजर आ रही है. वह शहर के कॉस्मोजिन लाउंज में अपने पति सुब्रत के साथ बैकग्राउंड में बज रहे मशहूर गाने ‘तुम तो धोखेबाज हो, वादा करके भूल जाते हो’ की धुन पर डांस कर रही है. आसपास 20 से 25 लोग मौजूद हैं और पार्टी का माहौल पूरी तरह सामान्य है. किसी को कानों-कान खबर नहीं थी कि जो महिला इतने सहज अंदाज में मुस्कुरा रही है, उसने कुछ ही देर पहले अपने ही ससुर की सुपारी देकर मौत का फरमान सुनाया है.

लाउंज से फोन पर दी कत्ल की 'लाइव गाइडेंस'

पुलिस की तफ्तीश में जो सच सामने आया वह किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म की कहानी से कम नहीं है. पुलिस के मुताबिक शालू ने घर से निकलने से पहले ही ससुर की हत्या का पूरा खाका तैयार कर लिया था. उसने अपने नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर को हत्या की सुपारी दी और घर बुलाया. रात करीब 10:30 बजे शालू पति सुब्रत के साथ कॉस्मोजिन लाउंज पहुंची. पार्टी के दौरान ही वह लगातार फोन पर हत्यारों के संपर्क में रही और उन्हें कत्ल का तरीका गाइड करती रही.

रात 3 बजे रचा लाचार बहू का नाटक

कत्ल की वारदात को अंजाम दिलवाने के बाद रात करीब 3 बजे शालू अपने पति और बच्चे के साथ रतन आर्बिट अपार्टमेंट स्थित अपने घर पहुंची. घर में ससुर विनीत मिनोचा का खून से लथपथ शव देखकर उसने तुरंत रोने-चीखने का नाटक शुरू कर दिया और आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया ताकि किसी को उस पर शक न हो.

पुलिस का पर्दाफाश और गिरफ्तारी

हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मामले की परतें उधेड़ना शुरू किया तो शक की सुई घर के भेदियों पर गई. पुलिस ने नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. दोनों आरोपियों ने टूटकर सारा सच उगल दिया और खुलासा किया कि इस खौफनाक हत्याकांड की असली मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि घर की बहू शालू ही है. साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बहू शालू को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. फिलहाल शालू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: UP Weather: कल यूपी के 30 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की ये चेतावनी!