‘फोन पुलिस के पास, फिर इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन कौन?’ करोड़पति ससुर हत्याकांड में आरोपी बहू के वकील ने उठाए सवाल

सिमर चावला

• 05:02 PM • 13 Sep 2026

कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में आरोपी बहू शालू मिनोचा के मोबाइल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. शालू के वकील शिवाकांत दीक्षित ने दावा किया है कि जिस समय उनका (शालू) मोबाइल पुलिस की कस्टडी में था और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था

Kanpur Vineet Minocha Murder News

Kanpur Vineet Minocha Murder News

Google CTA

Vineet Minocha Murder Case: कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में आरोपी बहू शालू मिनोचा के मोबाइल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. शालू के वकील शिवाकांत दीक्षित ने दावा किया है कि जिस समय उनका (शालू) मोबाइल पुलिस की कस्टडी में था और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था, उसी दौरान उनके Instagram अकाउंट पर ऑनलाइन एक्टिविटी और ‘लास्ट सीन’ दिखाई दे रहा था. वकील ने सवाल उठाया है कि अगर फोन पुलिस के कब्जे में था तो Instagram पर गतिविधि किस डिवाइस से हुई. उनका कहना है कि डिजिटल सबूत इस केस में अहम हैं, इसलिए मोबाइल की कस्टडी और ऑनलाइन गतिविधि की जांच जरूरी है.

यह भी पढ़ें...

सुबह दिखा Instagram का ‘लास्ट सीन’

शिवाकांत दीक्षित के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 10:03 बजे तक शालू के Instagram अकाउंट पर ‘लास्ट सीन’ दिखाई दे रहा था. वकील का कहना है कि हत्या के मामले में शालू की गिरफ्तारी के बाद उसका मोबाइल पुलिस के कब्जे में था. ऐसे में फोन से जुड़ी कथित ऑनलाइन गतिविधि कई सवाल खड़े करती है. उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि मोबाइल पुलिस की कस्टडी में रहने के दौरान Instagram अकाउंट पर गतिविधि किस माध्यम या डिवाइस से हुई. वकील ने डिजिटल एविडेंस की सुरक्षा और उसकी कस्टडी को लेकर भी जांच की मांग उठाई है.

क्या शालू के पास था दूसरा मोबाइल?

इस पूरे मामले पर पुलिस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि पुलिस शालू के पति सुब्रत की भूमिका की भी जांच कर रही है. हालांकि अभी तक सुब्रत के खिलाफ कोई सीधा साक्ष्य नहीं मिला है और न ही उसे आरोपी बनाया गया है. वहीं DCP वेस्ट ने स्पष्ट किया कि शालू के कब्जे से पुलिस द्वारा लिया गया मोबाइल फिलहाल फॉरेंसिक जांच में है. वकील के दावे के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि शालू के पास कोई दूसरा फोन भी हो सकता है. पुलिस ने इस पहलू को संज्ञान में लेकर दूसरे मोबाइल की तलाश और जांच करने की बात कही है.

309 कॉल और 49 डिलीट मैसेज भी जांच के घेरे में

पुलिस की जांच में शालू और सह-आरोपी विशाल के बीच संपर्क भी अहम माना जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, 1 मई से हत्या वाले दिन तक दोनों के बीच 309 बार फोन पर बातचीत हुई थी. इसके अलावा दोनों के बीच 49 मैसेज का आदान-प्रदान हुआ था, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया. पुलिस जब्त मोबाइल से हटाए गए इन संदेशों को तकनीकी माध्यम से वापस हासिल करने की कोशिश कर रही है. पुलिस का आरोप है कि शालू ने सह-आरोपियों विशाल और राज किशोर को घर में प्रवेश कराया था और उन्हें बेडरूम में छिपाया था. इसके बाद वह अपने पति सुब्रत के साथ किटी पार्टी में चली गई थी. इन आरोपों की जांच जारी है.

शालू के परिवार ने क्या कहा?

इस बीच शालू के परिवार ने पुलिस के आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है. दो दिन पहले शालू के भाई धीरज अरोड़ा और बहन सोनिया मेहरोत्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. दोनों ने दावा किया कि शालू के अपने ससुर विनीत मिनोचा के साथ संबंध बेहद मधुर थे. परिवार के मुताबिक, शालू अपने ससुर की रोजमर्रा की जरूरतों का भी पूरा ध्यान रखती थी. परिवार ने पूरे मामले में निष्पक्ष पुलिस जांच पर भरोसा जताया है. ऐसे में एक तरफ पुलिस की जांच में शालू की कथित भूमिका और विशाल से संपर्क को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ परिवार उसके ससुर के साथ अच्छे संबंध होने का दावा कर रहा है.

डिजिटल सबूतों को लेकर सवाल

विनीत मिनोचा हत्याकांड में अब जांच का एक अहम हिस्सा डिजिटल सबूत भी बन गया है. एक ओर पुलिस शालू और विशाल के बीच हुए 309 संपर्कों और 49 डिलीट मैसेज की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर वकील ने पुलिस कस्टडी के दौरान Instagram पर दिखाई देने वाली गतिविधि को लेकर सवाल उठाया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि Instagram पर दिखी गतिविधि किस डिवाइस से हुई और क्या उसका मोबाइल फोन से सीधा संबंध था. पुलिस दूसरे फोन की संभावना और डिजिटल डेटा की जांच करने की बात कह रही है