उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के नवाबगंज का रहने वाला 26 वर्षीय यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी एक बार फिर चर्चा में है. दुबई में मौजूद अनुराग द्विवेदी ने अपने 26वें जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर 1 मिनट 14 सेकंड का एक वीडियो जारी कर लोगों को अपनी बर्थडे पार्टी का ऑफर दिया. उसने वीडियो में ऐलान किया कि कानपुर-लखनऊ हाईवे से गुजरने वाला या नवाबगंज, उन्नाव, यूपी या भारत का कोई भी व्यक्ति नवाबगंज के चुनिंदा रेस्टोरेंट और होटलों में उसका नाम लेकर मुफ्त में खाना खा सकता है.
ADVERTISEMENT
रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे यह वीडियो वायरल होने के बाद नवाबगंज के होटल-रेस्टोरेंट में मुफ्त भोजन का लुफ्त उठाने के लिए बच्चों, युवाओं और स्थानीय लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं.
वीडियो में यूट्यूबर ने क्या कहा?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अनुराग द्विवेदी ने कहा,
"दुर्गा माता कौशेरी माता की जय! आज मेरा 26वां जन्मदिन है और आज अपने जन्मदिन के मौके पर हम यह घोषणा करते हैं कि नवाबगंज हो, चाहे उत्तर प्रदेश हो, चाहे उन्नाव जिला हो, चाहे पूरा भारत हो... कोई भी हो, हमारे जन्मदिन पर अनंत भोग में मसाला डोसा कोई भी खाएगा उसके लिए मुफ्त है. नवाबगंज में पुलिस चौकी के बगल में द्वारिका का भटूरा जो भी खाएगा उसके लिए मुफ्त है. तिवारी के समोसे जो भी खाएगा मेरा नाम लेकर उसके लिए मुफ्त है. सुभाष की टिक्की नवाबगंज में फेमस दुर्गा मंदिर रोड के पास कोई भी खाएगा हमारा नाम लेकर उसके लिए मुफ्त है. उन्नाव के पिज्जा में हेवन स्पाइसी फ्लेवर जो भी खाएगा उसके लिए मुफ्त है. यही हमारी तरफ से सबको बर्थडे पार्टी है पूरे भारत को, कोई भी सफर कर रहा हो लखनऊ-कानपुर हाईवे पर इसका फायदा उठाएं. लव यू, 26 साल काट लिया हमने इस कलयुग में, इससे बड़ी कामयाबी और कोई नहीं हो सकती, जय माता दी."
साइकिल से लैंबॉर्गिनी तक का सफर और ED की कार्रवाई
उन्नाव मुख्यालय से 27 किलोमीटर दूर नवाबगंज के एक गांव का रहने वाला 26 वर्षीय अनुराग द्विवेदी क्रिकेट ब्रॉडकास्टिंग के जरिए फेमस हुआ. उसके यूट्यूब पर 7 मिलियन (70 लाख) से ज्यादा सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर 2.4 मिलियन (24 लाख) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. कभी गांव की गलियों में साइकिल से घूमने वाला अनुराग फैंटेसी क्रिकेट टीम 11 ब्रॉडकास्ट के जरिए तेजी से चर्चित हुआ, जिसके बाद उसने गांव में नया घर बनवाया और बीएमडब्ल्यू, डिफेंडर और लैंबॉर्गिनी जैसी महंगी गाड़ियां खरीदीं. कम उम्र में अत्यधिक खर्चे और लग्जरी लाइफस्टाइल के कारण वह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के रडार पर आ गया.
17 सितंबर 2025 की ईडी रेड: ईडी की एक दर्जन से अधिक सदस्यों की टीम ने अनुराग के घर और ठिकानों पर 12 घंटे से ज्यादा समय तक छापेमारी की. इस दौरान प्रॉपर्टी के कागजात और महंगी गाड़ियों का हिसाब मांगा गया था. जांच के दौरान ईडी ने उसकी लैंबॉर्गिनी सहित कई गाड़ियां जब्त की थीं. उस पर अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने और गलत रास्ते से पैसा कमाने का आरोप था, जिसकी जांच जारी है.
दुबई क्रूज पर भव्य शादी: अनुराग ने 22 दिसंबर 2025 को लखनऊ निवासी अपनी प्रेमिका से दुबई में क्रूज पर शादी की थी. इस शादी में उसने अपने गांव से करीब 100 रिश्तेदारों को भारत से दुबई बुलाया था, जिनके आने-जाने, ठहरने और खाने-पीने का पूरा खर्च उठाया था. शादी में बॉलीवुड की कई हस्तियां भी शामिल हुई थीं, जिसके बाद वह सुर्खियों में आया था.
बर्थडे वीडियो वायरल होने के बाद नवाबगंज की सड़कों और दुकानों पर भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT











