Bareilly News: तहसील मीरगंज में राजस्व कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोपों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए खमररिया सानी क्षेत्र के लेखपाल उमाशंकर राना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निधि शुक्ला ने शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी कार्यालय के आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी है.
ADVERTISEMENT
प्रशासन के अनुसार, तहसील मीरगंज में लंबित 1,670 पुनर्जीवित राजस्व संदर्भों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी लेखपालों को नायब तहसीलदार की निगरानी में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे. समीक्षा के दौरान पाया गया कि उमाशंकर राना को आवंटित आठ पुनर्जीवित संदर्भों में से एक भी प्रकरण का निस्तारण नहीं किया गया. इसे शासन के आदेशों की अवहेलना और सरकारी दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया.
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित लेखपाल नियमित समीक्षा बैठकों में बिना सूचना अनुपस्थित रहते थे या बैठक बीच में छोड़कर चले जाते थे. इसके अलावा जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी तथा मांगे गए स्पष्टीकरण का समय पर जवाब न देना भी आरोपों में शामिल है.
एसडीएम निधि शुक्ला ने कहा कि राजस्व विभाग में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य संस्कृति सर्वोच्च प्राथमिकता है. सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी. ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
निलंबन अवधि के दौरान लेखपाल उमाशंकर राना को भूलेख कार्यालय, तहसील मीरगंज से संबद्ध किया गया है. विभागीय जांच पूरी होने के बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











