मेरठ में पति को जहरीले सांप से डंसवाकर मारने वाली पत्नी प्रेग्नेंट है? मेडिकल टेस्ट में इस बात की जानकारी मिली

उस्मान चौधरी

• 07:46 PM • 24 Jul 2026

Damini Pregnancy Test: मेरठ में पति अतुल की सांप से डंसवाकर हत्या करने के आरोप में जेल में बंद पत्नी दामिनी की प्रेगनेंसी की खबर सामने आई है. जेल अधिकारी ने बताया कि जेल मैनुअल के हिसाब से जिला महिला अस्पताल की डॉक्टरों की टीम प्रेगनेंसी की जांच करेगी.

UP Tak

AI Generated

Google CTA

Damini Pregnancy Test: मेरठ में पति अतुल की सांप से डंसवाकर हत्या करने के आरोप में पत्नी दामिनी मेरठ जेल में बंद है. अब जेल से उसकी प्रेगनेंसी जांच को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. जानकारी के मुताबिक जेल जाने के बाद दामिनी की प्राथमिक मेडिकल जांच हुई थी जिसमें उसकी स्थिति सामान्य आई है.हालांकि इस बीच दामिनी की प्रेगनेंसी को लेकर भी खबरें सामने आने लगीं. ऐसे में स्थिति को साफ करते हुए जेल अधीक्षक ने क्या कुछ बताया है, आगे खबर में पढ़ें.

यह भी पढ़ें...

जिला अस्पताल की डॉक्टर करेंगी जांच

वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, जेल में आने वाले हर नए कैदी की तरह दामिनी का भी शुरुआती मेडिकल चेकअप कराया गया है. लेकिन दामिनी की सभी रिपोर्ट सामान्य आई हैं. हालांकि अभी उसकी प्रेगनेंसी और महिलाओं से जुड़ी अन्य जांच और कराई जाएंगी. यह जांच जेल मैनुअल के हिसाब से जिला महिला अस्पताल की डॉक्टरों की टीम करेगी. महिला डॉक्टरों की यह टीम ही उसकी प्रेगनेंसी जांच करके रिपोर्ट सौंपेगी.

जेल के माहौल में ढल रही दामिनी

जानकारी के मुताबिक जेल जाने के बाद दामिनी की स्थिति सामान्य नहीं थी, वह डरी हुई और असहज रहती थी. पहले दिन उसने डर के कारण खाना भी नहीं खाया था. अगले दिन उसकी मुलाकात जेल में बंद चर्चित हत्या कांड की आरोपी मुस्कान और अन्य महिलाओं से हुई है. इसके साथ ही अब वह धीरे-धीरे जेल की दिनचर्या में ढल रही है.

बेटे से मिलना चाहती है दामिनी

जेल में आने पर शुरुआत में दामिनी ने खाना-पीना छोड़ दिया था. लेकिन अब वह जेल की दिनचर्या में शामिल हो गई है. उसने अपने माता-पिता और खासकर अपने बेटे से मिलने की इच्छा जताई है. उसे डर था कि जेल में उसकी बेटे से मुलाकात नहीं हो पाएगी. लेकिन अधिकारियों ने बताया है कि उसके परिजन आधार कार्ड लेकर हफ्ते में तीन दिन उससे मिलने आ सकते हैं.

प्रेमी तुषार से नहीं होगी मुलाकात

पति की हत्या के मामले में दामिनी का प्रेमी तुषार भी इसी जेल में बंद है. जेल के नियमों के अनुसार, जेल के अंदर केवल खून के रिश्ते वाले या कानूनी रूप से पति-पत्नी ही आपस में मिल सकते हैं. इसलिए दामिनी और तुषार की जेल में कोई मुलाकात नहीं हो सकती है. अदालत में पेशी के लिए होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान ही वे लोग एक-दूसरे को देख सकते हैं.

पढ़ने के लिए मांगी रामायण किताब

दामिनी ने जेल अधिकारियों को बताया है कि वह एक शिक्षिका है. उसने जेल प्रशासन से मांग की है कि उसे जेल में मौजूद लाइब्रेरी में जाने की इजाजत दी जाए जिससे वो अपना ज्यादातर समय किताब पढ़ने में बिता सके. जानकारी के मुताबिक दामिनी ने जेल में पढ़ने के लिए 'रामायण' और अन्य धार्मिक किताबें मांगी हैं, जिसके बाद प्रशासन ने उसे रामायण उपलब्ध कराई है. अधिकारियों ने बताया कि जेल की लाइब्रेरी में धर्म के अलावा कानून और मुकदमों से जुड़ी किताबें भी मौजूद हैं.

महिला कैदियों पर रखी जा रही नजर

मेरठ जेल में दामिनी को मिलाकर कुल पांच ऐसी महिलाएं बंद हैं जिन पर अपने ही पति की हत्या का आरोप है. वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, ऐसे संवेदनशील मामलों में जेल में बंद कैदियों पर जेल स्टाफ और गुप्तचरों के जरिए कड़ी नजर रखी जाती है. कैदियों का ध्यान बांटने और उन्हें सुधारने के लिए जेल प्रशासन सिलाई, बैग बनाने, योग और टीवी पर धार्मिक कार्यक्रम दिखा रहा है.