Meerut Snake Murder News: मेरठ में पति अतुल पंवार की हत्या के मामले में गिरफ्तार उनकी पत्नी दामिनी को चौधरी चरण सिंह जिला जेल में बंद किया गया है. जानकारी मिली है कि जेल में उसकी पहली रात काफी बेचैनी में बीती. जेल प्रशासन के अनुसार उसने रात का खाना तो लिया, लेकिन खाया नहीं. हालांकि अगली सुबह उसने नाश्ता किया और धीरे-धीरे जेल की दिनचर्या में खुद को ढालने लगी. इसी दौरान उसकी मुलाकात नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान से भी हुई, जिसकी चर्चा अब जेल के बाहर भी हो रही है.
ADVERTISEMENT
पहली रात नहीं खाया खाना, सुबह लिया नाश्ता
मेरठ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, नए बंदियों की तरह दामिनी भी जेल पहुंचने के बाद घबराई हुई थी. उसे खाना दिया गया, लेकिन उसने नहीं खाया. अगले दिन जब उसे जेल के नियम समझाए गए और अन्य महिला बंदियों से बातचीत हुई, तब उसने नाश्ता किया. जेल प्रशासन का कहना है कि अब वह धीरे-धीरे सामान्य दिनचर्या अपना रही है.
मुस्कान से हुई पहली मुलाकात
जेल प्रशासन के अनुसार सुबह गिनती और नाश्ते के दौरान दामिनी और नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान पहली बार आमने-सामने आईं. दोनों की करीब एक से डेढ़ मिनट तक मुलाकात हुई. इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे से परिचय भी किया और संक्षिप्त बातचीत हुई.
बार-बार बेटे को याद कर रो पड़ी दामिनी
जेल अधिकारियों के मुताबिक दामिनी कई बार अपने बेटे मानिक को याद कर भावुक हो गई. उसने अपने बेटे और माता-पिता से मिलने की इच्छा भी जताई. साथ ही उसने जेल प्रशासन से पूछा कि जेल में परिजनों से मुलाकात की प्रक्रिया क्या होती है.
जेल लाइब्रेरी से ली धार्मिक पुस्तक
जेल में समय बिताने के लिए दामिनी ने लाइब्रेरी से एक धार्मिक पुस्तक भी ली है. अधिकारियों का कहना है कि वह अन्य महिला बंदियों से बातचीत कर रही है और धीरे-धीरे जेल के माहौल में खुद को ढाल रही है.
प्रेमी तुषार से मिलने की नहीं जताई इच्छा
जेल प्रशासन के अनुसार दामिनी ने अब तक अपने सह-आरोपी और कथित प्रेमी तुषार से मिलने की कोई इच्छा व्यक्त नहीं की है. हालांकि, अगर कोर्ट अनुमति देता है और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होती है, तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत संभव हो सकती है.
ADVERTISEMENT











