Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से आई दो तस्वीरों ने कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. पहली तस्वीर है दिनदहाड़े एक स्कूल बस के अंदर मासूम छात्र की बेरहमी से पिटाई और दूसरी तस्वीर है उसी मामले में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को भीड़ द्वारा घेरकर धक्का-मुक्की और खींचतान. अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कि पुलिस का कोई डर ही नहीं है. यही नहीं, महिलाएं तक आरोपी को छुड़ाने के लिए आगे आ गईं और मौके पर अफरातफरी मच गई. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है.
ADVERTISEMENT
26 फरवरी को वायरल हुआ बस का वीडियो
बता दें कि 26 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक स्कूल बस के अंदर एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही थी. बताया गया कि बस में घुसकर दो युवकों ने छात्र को पीटा. इस घटना का संज्ञान लेते हुए थाना लोहिया नगर में नामजद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया और उनकी तलाश शुरू कर दी.
हिस्ट्रीशीटर की तलाश में गांव पहुंची पुलिस
यह मामला मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव कैली से जुड़ा है. पुलिस टीम संदिग्ध हरिकांत और टीटू पंडित की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची थी. टीटू पंडित को खरखौदा थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है. आरोप है कि उसने बस में हापुड़ निवासी दसवीं कक्षा के छात्र जतिन त्यागी के साथ मारपीट की थी. क्राइम ब्रांच की टीम जब गांव कैली में पूछताछ के लिए पहुंची तो एक आरोपी घर पर मौजूद नहीं मिला.
जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, वहां मौजूद भीड़ अचानक आक्रामक हो गई. देखते ही देखते पुलिसकर्मियों को चारों तरफ से घेर लिया गया. मौके पर पांच पुलिसकर्मी थे जिसमें एक वर्दी में और चार सादे कपड़ों में, लेकिन भीड़ की संख्या ज्यादा थी. वायरल वीडियो में क्रीम रंग की शर्ट पहने एक पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़े हुए दिखाई देता है, जबकि लोग उसे छुड़ाने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे हैं.
दूसरे वीडियो में चेक शर्ट पहने पुलिसकर्मी के साथ महिलाओं द्वारा कॉलर पकड़कर खींचतान और धकियाने की तस्वीर सामने आई है. आरोप है कि पुलिस टीम को घर के अंदर खींचने की भी कोशिश की गई. सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त बल की मदद से हालात पर काबू पाया.
पुलिस ने की गिरफ्तारी
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि सरकारी काम में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की के मामले में कठोर धाराओं में थाना खरखौदा में मुकदमा दर्ज किया गया है. उपनरीक्षक की तहरीर पर केस दर्ज हुआ है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.
वायरल वीडियो में बाद में ये आरोपी लंगड़ाते हुए और हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए. उन्होंने कहा कि आगे से ऐसी गलती नहीं होगी और डर के कारण भाग रहे थे, जिससे उन्हें चोट लगी है.
यह भी पढ़ें: फिरोजाबाद में एक-दूसरे के प्यार में पड़ीं दो युवतियां, साथ रहने की जिद में घर से भागीं...फिर ये हुआ
ADVERTISEMENT









