लखनऊ के विकासनगर रिंग रोड पर झुग्गियों में लगी भीषण आग, क्या सिलेंडर ब्लास्ट हुआ? फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रवाना

Vikas Nagar Ring Road fire: लखनऊ के विकासनगर रिंग रोड पर झुग्गियों में लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया है. आशंका है कि गैस सिलेंडरों में धमाकों के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसे बुझाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियां जुटी हैं.

A massive fire broke out in the slums on Vikasnagar Ring Road.

संतोष शर्मा

15 Apr 2026 (अपडेटेड: 15 Apr 2026, 07:30 PM)

follow google news

Vikas Nagar Ring Road fire: लखनऊ के विकासनगर रिंग रोड इलाके में बुधवार शाम झुग्गी-झोपड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दर्जनों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया. ऐसी आशंका है कि इस दौरान झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक कई धमाके हुए जिससे पूरा इलाका दहल उठा. सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर रवाना की गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं.

यह भी पढ़ें...

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस भीषण आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग ने अलग-अलग स्टेशनों से 10 गाड़ियों को राहत कार्य के लिए भेजा है. धुएं का काला गुबार आसमान में कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है. सोशल मीडिया पर इस घटना के दिल दहला देने वाले वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं. फिलहाल दमकल कर्मी भारी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद है और झुग्गियों में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है. अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है.


मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्य के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुई इस आग की घटना का तत्काल संज्ञान लिया है. उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मौके पर पहुंचकर खुद राहत कार्य की निगरानी करें. मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचाई जाए और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.