Abhay Singh Reaction: पूर्वांचल के चर्चित टकसाल सिनेमा शूटआउट मामले में एमपी/एमएलए कोर्ट से दोषमुक्त होने के बाद विधायक अभय सिंह ने अपना पहला रिएक्शन दिया है. 24 साल के लंबे कानूनी संघर्ष के बाद मिली इस जीत को अभय सिंह ने न्याय की विजय बताया है. उन्होंने पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें तत्कालीन प्रशासन के साथ मिलकर एक फर्जी घटना में फंसाया गया था. इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा की सराहना करते हुए भविष्य में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए हैं.
ADVERTISEMENT
न्यायपालिका पर था अटूट भरोसा
कोर्ट परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ के बीच अभय सिंह ने कहा 'मुझे न्याय व्यवस्था पर शुरू से ही पूरा भरोसा था. इन 24 वर्षों में बहुत उतार-चढ़ाव देखे. लेकिन आज माननीय न्यायालय के फैसले के बाद वह सारा दर्द भूल गया हूं.' उन्होंने अपनी इस जीत का श्रेय अपने वकीलों और शुभचिंतकों को दिया. उन्होंने विशेष रूप से अधिवक्ता अजय सिंह, दीना बाबू और स्वामीनाथ यादव के संघर्ष को याद करते हुए उनका आभार व्यक्त किया.
धनंजय सिंह पर साधा निशाना
2002 की घटना का जिक्र करते हुए अभय सिंह ने आरोप लगाया कि उस समय निर्दलीय विधायक रहे धनंजय सिंह ने तत्कालीन सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची थी. उन्होंने कहा कि 'धनंजय सिंह ने सत्ता का दुरुपयोग किया और एक मनगढ़ंत कहानी रचकर मुझे मुख्य आरोपी बना दिया था. आज अदालत के फैसले ने उस दाग को धो दिया है.' जब उनसे पूछा गया कि यदि वादी पक्ष हाई कोर्ट जाता है तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे वहां भी मजबूती से अपना पक्ष रखेंगे.
भाजपा की विचारधारा से मेल खाते हैं विचार
राजनीतिक भविष्य पर बात करते हुए अभय सिंह ने भाजपा की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि 'बीजेपी एक राष्ट्रवादी पार्टी है और राष्ट्र का भला केवल वही कर सकती है. क्षेत्रीय पार्टियों की सोच बहुत छोटी है. हमारी विचारधारा भाजपा से मेल खाती है और जो 'श्री राम' के साथ है, हम उसके साथ हैं.'
ADVERTISEMENT









