यूपी चुनाव में कांग्रेस संग रहेगा सपा का गठबंधन या नए दल की तलाश? अखिलेश यादव ने सब कुछ साफ कर दिया

UP News: अखिलेश यादव जयपुर में थे. यहां उन्होंने इंडिया विजन कार्यक्रम में भाग लिया. इस दौरान अखिलेश ने यूपी में गठबंधन को लेकर कई चीज साफ कर दी.

UP News

यूपी तक

12 Apr 2026 (अपडेटेड: 12 Apr 2026, 08:36 AM)

follow google news

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने कमर कसना शुरू कर दिया है. भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस, सभी दलों ने अपनी रणनीतियां बनानी शुरू दी हैं. इसी बीच सियासी गठ बंधनों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. अब इसी को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है. 

यह भी पढ़ें...

जयपुर में हुए विजन इंडिया कार्यक्रम में अखिलेश यादव शामिल हुए. इस दौरान उनसे गठबंधन को लेकर सवाल किए गए. जवाब देते हुए उन्होंने ये भी बता दिया कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में उनका यानी सपा का कांग्रेस के साथ गठबंधन रहेगा या नहीं?

कांग्रेस के साथ गठबंधन रहेगा या नहीं? अखिलेश ने बताया

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा, हमारी पार्टी किसी भी नए दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी. मौजूदा समय में जो गठबंधन है, वही गठबंधन आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में काम करेगा. 

अपने इस बयान में सपा चीफ ने साफ कर दिया है कि यूपी में सपा और कांग्रेस का गठबंधन रहेगा. इसी के साथ अखिलेश यादव की बातों से ये भी साफ हो गया कि अब सपा चुनाव में किसी नए दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी.

हमारे पास गठबंधन का अनुभव: अखिलेश यादव

सपा चीफ अखिलेश यादव ने इस दौरान कहा, हमारे पास गठबंधन का अनुभव है. सपा ने समय-समय पर कई राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन किया है. इसी के साथ सपा चीफ ने ये भी कहा कि यूपी में इंडी गठबंधन मजबूत होगा.

सामाजिक न्याय के लिए चाहे सदी लगे....

विजन इंडिया कार्यक्रम को लेकर अखिलेश यादव ने ट्वीट भी किया. उन्होंने एक्स पर लिखा,  हम सामाजिक न्याय का राज लाने के लिए संघर्ष रत हैं, इसके लिए चाहे साल लगें या सदी. Harmonious Past ही Harmonious Future बनाएगा.

अखिलेश यादव ने आगे कहा, हम साम्प्रदायिकता का जबाव सामुदायिकता से देंगे, जिसकी शुरुआत 2024 के लोकसभा चुनाव में सफलतापूर्वक हो चुकी है. अब 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में ये पहली बार होगा कि एक साम्प्रदायिक दल के ख़िलाफ़ कोई समुदाय लड़ेगा और जीतेगा…उस समुदाय का नाम है… PDA.