भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा ने अधिकारियों को क्यों कही डंडा मारने की बात? बीच सड़क पर बवाल वाला वीडियो वायरल

Ratnakar Mishra Viral Video: बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा का अधिकारियों को धमकाते हुए वीडियो वायरल. सीवर लाइन और पानी की समस्या पर बिफरे विधायक ने कहा- 'सुधर जाओ वरना डंडे से मारूंगा.' एडीएम के सामने ही अधिकारियों की क्लास लगाने का पूरा मामला देखें इस रिपोर्ट में.

Ratnakar Mishra Viral Video

रजत सिंह

09 Apr 2026 (अपडेटेड: 09 Apr 2026, 12:54 PM)

follow google news

Ratnakar Mishra Viral Video: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रत्नाकर मिश्रा एक बार फिर अपने तेवरों के कारण चर्चा में हैं. विंध्याचल धाम के पंडे और नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को खुलेआम चेतावनी दी है. विधायक का यह गुस्सा 'हर घर जल' योजना और सीवर लाइन के अधूरे पड़े कार्यों को लेकर था. क्षेत्र में पानी की समस्या और सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कों से जनता परेशान थी. जब विधायक रत्नाकर मिश्रा निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां की बदहाली देख उनका पारा चढ़ गया. उन्होंने अपर जिलाधिकारी की मौजूदगी में ही संबंधित विभाग के अधिकारी को आड़े हाथों लिया. विधायक ने साफ लहजे में कहा कि अगर समय रहते काम पूरा नहीं हुआ तो वह डंडा उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे.

यह भी पढ़ें...

'बिना मार खाए बात नहीं बनेगी'

वायरल वीडियो में विधायक रत्नाकर मिश्रा बेहद गुस्से में नजर आ रहे हैं.उन्होंने अधिकारियों से कहा  'समझ लेना, बहुत डेडलाइन हो गई. अब डंडा से बंद करके दरवाजे में मारूंगा.' उन्होंने आगे कहा कि अधिकारियों का मन शायद बिना लात-घूंसे खाए नहीं भरने वाला है. विधायक की नाराजगी इस बात पर थी कि 'हर घर जल' योजना के तहत पाइप तो बिछा दिए गए. लेकिन लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है. वहीं सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कों ने यातायात बाधित कर रखा है.

अधिकारी का पक्ष

इस मामले पर एडीएम ने सफाई देते हुए बताया कि सीवर लाइन का कार्य 30 अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य है. उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 दिनों के भीतर गड्ढों को भरने और सड़कों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया जाएगा. यह पहली बार नहीं है जब रत्नाकर मिश्रा चर्चा में आए हों. इससे पहले मिर्जापुर में गंगा नदी पर बना एक पीपा पुल उद्घाटन के मात्र 15 दिनों के भीतर ही बह गया था. उस समय भी विधायक ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे. विधायक का मानना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण सरकार की छवि खराब हो रही है और वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.अब देखना यह होगा कि विधायक की इस 'डंडा परेड' के बाद मिर्जापुर की सड़कों और पानी की समस्या का समाधान कितनी जल्दी होता है.