Lucknow Crime News: लखनऊ के गाजीपुर की रहने वाली महिला ने अपने पड़ोसी अवनीश पर छेड़खानी और अश्लील इशारे करने का आरोप लगाया है. आरोप के मुताबिक, सिरफिरे पड़ोसी ने महिला को इस कदर परेशान किया कि उसे पुलिस के पास जाकर शिकायत करनी पड़ गई. महिला ने अपने पड़ोसी पर ये आरोप लगाया है कि वह छत पर खड़ा होकर विग पहनकर अजीब-अजीब इशारे करता है. महिला जब इस बात की शिकायत करने आरोपी के घर गई तो उसने पत्नी के साथ मिलकर गाली-गलौज की.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
महिला के आरोप के मुताबिक, ये पूरी घटना 8 मार्च की सुबह की है. महिला जब अपने घर की छत पर गई तब पड़ोस में रहने वाला अवनीश नाम का व्यक्ति अपने सिर पर विग (नकली बाल) लगाकर वहां पहुंच गया. आरोप है कि महिला को देखते ही अवनीश 'आई लव यू' गाना गाने लगा और अश्लील इशारे करने लगा.
विरोध करने पर दी ऐसी धमकी
हैरान करने वाली बात यह है कि जब महिला इस बदतमीजी का विरोध करने आरोपी के घर पहुंची तो समाधान के बजाय उसे और अधिक प्रताड़ित किया गया. महिला का आरोप है कि अवनीश और उसकी पत्नी सिम्मी ने उसके साथ गाली-गलौज की. इतना ही नहीं दंपत्ति ने महिला को डराने के लिए उस पर कुत्ता छोड़ने और जान से मारने की धमकी भी दी. शिकायत में यह भी जिक्र किया गया है कि आरोपी की पत्नी सिम्मी ने खुद को सपा नेता और वकील बताते हुए महिला को धमकाया.उसने दावा किया कि उसकी ऊंची पहुंच के कारण पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती.
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता की तहरीर पर गाजीपुर थाना पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है. मामले की सच्चाई जानने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









