Lucknow High Court drama: हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच परिसर में शुक्रवार शाम एक रूपाली नाम की महिला ने ऐसी हरकत की हर तरफ हड़कंप मच गया. यहां एक महिला अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर एडवोकेट चैंबर की पांचवीं मंजिल की छत पर चढ़ गई. इतना ही नहीं इस दौरान महिला वहां से नीचे कूदने की धमकी देने लगी जिसे देख कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए. करीब एक घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद सुरक्षाबलों ने सूझबूझ से महिला और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया.
ADVERTISEMENT
चैंबर की छत पर बच्चे के साथ दिखी महिला
मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे जब कोर्ट की कार्यवाही समाप्त होने वाली थी. तभी एडवोकेट चैंबर के सी-ब्लॉक की पांचवीं मंजिल की छत पर एक महिला अचानक नजर आई. महिला की पहचान रूपाली के रूप में हुई है. वह अपने छोटे बच्चे को गोद में लिए हुए थी. रूपाली लगातार नीचे कूदने की बात कह रही थी. यह मंजर देख नीचे हजारों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पारिवारिक विवाद से परेशान चल रही रूपाली?
प्रारंभिक पूछताछ और जानकारी के मुताबिक, रूपाली किसी पारिवारिक विवाद और कानूनी उलझनों के कारण मानसिक तनाव में थी. बताया जा रहा है कि इसी हताशा में उसने इतना खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया.वह छत के किनारे पर जाकर खड़ी हो गई थी जिससे नीचे खड़े लोगों की सांसें अटकी रहीं.
CRPF और पुलिस ने किया रेस्क्यू
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तैनात सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला. सुरक्षा अधिकारियों ने एक तरफ नीचे जाल बिछाने की तैयारी की ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके. वहीं दूसरी तरफ महिला पुलिस और जवानों की एक टीम को छत पर भेजा गया. सीआरपीएफ के सुरक्षा अधिकारी आर.के. तिवारी ने बताया कि टीम ने बहुत ही धैर्य से काम लिया. जवानों ने बातचीत के जरिए महिला का ध्यान भटकाया और जैसे ही मौका मिला. उसे और बच्चे को सुरक्षित अपनी गिरफ्त में ले लिया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा.
अब पुलिस कर रही है पूछताछ
महिला और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई है. फिलहाल महिला की काउंसिलिंग की जा रही है और उसके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश हो रही है. इस घटना ने हाई कोर्ट परिसर की सुरक्षा और वहां आने वाले लोगों की मानसिक स्थिति की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT









