Meerut Horror News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक बंद पड़े मकान से 34 साल की प्रियंका का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है. चौंकाने वाली बात यह है कि प्रियंका की मौत करीब चार महीने पहले हो चुकी थी.लेकिन उसका पिता उदय भान बिस्वास मौत के बाद कई दिनों तक शव के साथ ही घर में रहा. फिर वह घर में ताला लगाकर हरिद्वार चला गया.
ADVERTISEMENT
चाय की दुकान पर खुला मौत का राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार को मृतका प्रियंका के पिता उदय भान बिस्वास को उनके भतीजे विश्वजीत ने बेगम बाग कॉलोनी में एक चाय की दुकान पर देखा. उदय भान पिछले 5 दिसंबर से लापता थे. जब परिजनों ने सख्ती से प्रियंका के बारे में पूछा तो उन्होंने पहले उसे देहरादून के अस्पताल में भर्ती बताया. लेकिन बाद में टूट गए और बताया कि प्रियंका की मौत दिसंबर 2025 में ही हो चुकी है. लेकिन जब उन्होंने ये बताया कि प्रियंका की डेड बॉडी घर के अंदर पड़ी है तो ये सुनकर हर कोई चौंक गया. क्योंकि प्रियंका की मौत करीब 4 महीने पहले ही हो चुकी थी.
झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का चक्कर
73 साल के उदय भान बिस्वास शिक्षा विभाग से रिटायर हैं. वह मूल रूप से बंगाल के रहने वाले हैं. परिजनों के अनुसार, उनकी बेटी प्रियंका पेशे से प्राइवेट टीचर थी.उसे पीलिया (जौंडिस) हो गया था. इस दौरान प्रियंका के पिता ने काफी इलाज कराया. लेकिन बेटी ठीक नहीं हुई तो उन्होंने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का सहारा लिया. बेटी की मौत के बाद वह गहरे सदमे और डर में थे जिस वजह से वह शव को घर में ही छोड़कर हरिद्वार में गुमनामी की जिंदगी जीने लगे.
घर के अंदर का खौफनाक मंजर
पुलिस ने जब घर का ताला तोड़ा तो अंदर का नजारा भयावह था. प्रियंका का शव बेड पर पड़ा था और वह पूरी तरह डीकंपोज होकर कंकाल में बदल चुका था. घर में रद्दी और कूड़े का अंबार लगा था. कमरे से परफ्यूम स्प्रे भी बरामद हुए हैं जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि पिता ने बदबू छिपाने के लिए इनका इस्तेमाल किया होगा.
परिजनों ने पत्नी को लेकर किया ये खुलासा
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि पिता उदय भान को हिरासत में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है. हालांकि शुरुआती जांच में यह बीमारी से हुई मौत लग रही है.लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी.
परिजनों ने बताया कि उदय भान की पत्नी शर्मिष्ठा ने भी करीब 12 साल पहले घर में फांसी लगा ली थी. प्रियंका उनकी इकलौती संतान थी. अकेलेपन और तंत्र-मंत्र के प्रभाव ने शायद पिता की मानसिक स्थिति को इतना प्रभावित कर दिया कि वह महीनों तक इस राज को दबाए रहे. पुलिस के मुताबिक, उदय भान बीच-बीच में पेंशन के लिए मेरठ आते रहते थे. लेकिन वह अपने घर नहीं जाते थे. पुलिस पिता उदय भान से और पूछताछ कर रही है. फिलहाल मेरठ के इस मामले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
ADVERTISEMENT









