पत्नी पर शक हुआ तो पति ने कुल्हाड़ी से कर दी हत्या फिर पुलिस को खुद ही दी खबर...बेटे को भी नहीं छोड़ा, क्या हुआ?

Gorakhpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Gorakhpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला किया और फिर फावड़े से उसका गला काट दिया. यही नहीं उसने अपने बेटे को भी जान से मारने के लिए दौड़ा लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

20 साल पुराना रिश्ता एक झटके में किया खत्म

यह घटना गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव की है. यहां रहने वाला 44 वर्षीय अशोक निषाद अपनी 40 वर्षीय पत्नी नीलम देवी के साथ रहता था. दोनों की शादी करीब 20 साल पहले, साल 2006 में हुई थी. परिवार में उनका 17 वर्षीय बेटा सूरज और 14 वर्षीय बेटी सृष्टि भी हैं. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. अशोक को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा हो चुका था.

इसी के चलते मंगलवार देर रात करीब 1 से डेढ़ बजे के बीच घर में अचानक चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं. इसके बाद घर के अंदर जो हुआ, उसने पूरे परिवार की जिंदगी बदलकर रख दी.

कुल्हाड़ी और फावड़े से किया जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि शक के चलते अशोक ने पहले कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी नीलम पर हमला कर दिया. इसके बाद पास में रखे फावड़े से उसका गला काट दिया. कमरे में चारों ओर खून फैल गया और यह भयावह दृश्य देखकर बेटा सूरज जोर-जोर से चिल्लाने लगा. बेटे की आवाज सुनकर आरोपी ने उसे भी फावड़ा लेकर दौड़ा लिया. किसी तरह सूरज अपनी जान बचाकर घर से बाहर भागा और गांव के बाहर पहुंचकर महुआपार में रहने वाले अपने नाना राजेंद्र निषाद को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी.

हत्या के बाद खुद पुलिस को किया फोन

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में ही बैठा रहा. इस बीच उसने खुद पुलिस को कॉल कर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव घर के अंदर पड़ा है. यह सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. कॉल ट्रेस कर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी पत्नी के शव के पास ही बैठा मिला, जबकि उसकी बेटी सृष्टि पुलिस के साथ थी. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. 

पुलिस ने किया सीन रीक्रिएट

पुलिस ने आरोपी को रात में ही थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी. इसके बाद बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस उसे लेकर दोबारा घटनास्थल पर पहुंची, जहां वारदात का सीन रीक्रिएट किया गया. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई. हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अशोक निषाद कुछ समय पहले तक मुंबई में कारपेंटर का काम करता था. पिछले कुछ सालों से वह गांव में ही रहकर खेती और पशुपालन कर रहा था. उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया. 

यह भी पढ़ें: देशभर में 12वीं पास के लिए आधार सेवा केंद्र में निकली 250+ वैकेंसी, जानें कब तक और कैसे करें अप्लाई