CM शुभेंदु के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या वाले दिन बलिया में था राज सिंह? बहन दीपशिखा के CCTV वाले दावे ने पूरा केस ही घुमा दिया

Raj Singh CCTV: शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या में नया मोड़. बलिया के राज सिंह की गिरफ्तारी के बाद बहन ने CCTV फुटेज जारी कर ये दावा किया है कि हत्या वाले दिन वह बलिया में था.

Raj Singh CCTV

अनिल अकेला

• 08:34 PM • 12 May 2026

follow google news

Raj Singh CCTV: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चन्द्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बंगाल पुलिस ने बलिया के राज सिंह को गिरफ्तार कर सनसनी फैला दी थी. लेकिन अब इस केस में एक ऐसा पेंच फंस गया है जिसने जांच पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. राज सिंह की बहन दीपशिखा सिंह ने एक सीसीटीवी फुटेज और कैश मेमो जारी कर ये दावा किया है कि जिस दिन बंगाल में चन्द्रनाथ रथ की हत्या हुई उस वक्त राज सिंह वहां से 1000 किलोमीटर दूर यूपी के बलिया में अपनी बुलेट खड़ी कर रहा था. 

यह भी पढ़ें...

सीसीटीवी फुटेज जारी कर बहन ने किया ये दावा

राज सिंह की बहन दीपशिखा पेशे से एक वकील है. दीपशिखा सिंह द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि 6 मई की शाम 8 बजकर 52 मिनट पर राज सिंह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से बलिया स्थित अपने घर पहुंचता है. फुटेज में तारीख और समय स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं. सवाल यह उठता है कि क्या कोई इंसान एक ही समय पर बंगाल में हत्या कर सकता है और 1000 किलोमीटर दूर बलिया में बुलेट से घर भी पहुंच सकता है?

सिर्फ वीडियो ही नहीं, दीपशिखा ने एक कैश मेमो (रसीद) भी सार्वजनिक किया है. उनका दावा है कि 6 मई को राज सिंह ने बलिया की ही एक दुकान से खरीदारी की थी जिसका बिल उसके पास मौजूद है. यह डिजिटल और कागजी सबूत बंगाल पुलिस की थ्योरी को चुनौती दे रहे हैं.

राज सिंह पर लगे पीए चन्द्रनाथ रथ की हत्या के आरोप

6 मई को पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम में शुभेंदु अधिकारी के कार्यकारी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा पर हुए एक यूपीआई (UPI) ट्रांजैक्शन की मदद से राज सिंह को ट्रैक किया. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार की सिफारिश पर सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर ली है. राज सिंह के वकील ने सीबीआई जांच का स्वागत किया है क्योंकि उन्हें राज्य पुलिस की कार्यवाही पर भरोसा नहीं है. 

कौन है राज सिंह

राज सिंह उर्फ चंदन बलिया के आनंद नगर का निवासी है और क्षत्रिय महासभा का महासचिव भी है. राज सिंह का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है. उस पर 13 अक्टूबर 2020 को बलिया में एक दिव्यांग अंडा विक्रेता अजीत कुमार गुप्ता की गोली मारकर हत्या करने का भी आरोप है.  राज सिंह के सोशल मीडिया पर कई बड़े नेताओं के साथ फोटो भी मौजूद हैं.