UP News: ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने दिनदहाड़े नितिन नागर नाम के युवक की मंगलवार को हत्या कर दी. घटना उस समय हुई जब नितिन घर से बाहर निकला ही था. वायरल फुटेज के मुताबिक, गली में बच्चे खेल रहे थे तभी नितिन की एंट्री होती है. पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाश नितिन के पीछे दौड़ पड़ते हैं. नितिन बचने की कोशिश करता है, लेकिन बदमाश ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देते हैं. भागते-भागते नितिन जैसे ही नीचे गिरता है, बदमाश उस पर एक के बाद एक गोलियां बरसाते हैं.
ADVERTISEMENT
पत्नी की आंखों के सामने कत्ल
गोलीबारी की आवाज सुनकर नितिन की पत्नी घर का दरवाजा खोलकर बाहर आती है. वह चीखती-चिल्लाती है और अपने पति को बचाने की कोशिश करती है, लेकिन एक बदमाश उस पर भी बंदूक तान देता है. डर के मारे पत्नी पीछे हट जाती है और उसकी आंखों के सामने ही हमलावर नितिन को मौत के घाट उतार देते हैं.
8 से 10 गोलियां और चाकू से हमला
परिजनों का आरोप है कि करीब 8 से 10 बदमाश एक दुकान में छिपे हुए थे. उन्होंने नितिन पर 8 से 10 राउंड फायरिंग की. बचने की कोई गुंजाइश न रहे, इसके लिए एक लड़के ने उसकी गर्दन में चाकू तक घोंप दिया. परिजनों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और उनके घरों पर बुलडोजर चले.
क्या है पुलिस की थ्योरी?
पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण है. बताया जा रहा है कि मृतक नितिन नागर पर भी पहले हत्या का मुकदमा दर्ज था और वह जेल जा चुका था. पुलिस सूत्रों का दावा है कि नितिन ने पहले आरोपी पक्ष के किसी परिचित की हत्या की थी, जिसका बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में घायल नितिन को अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. इस मामले में अब तक दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और तीसरे की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में जेल से छूटकर आए नितिन पर सचिन ने ताबड़तोड़ बरसाईं गोलियां, घर के बाहर का ये मंजर खौफनाक
ADVERTISEMENT









