Bareilly Dowry Case: बरेली में दहेज की दरिंदगी: प्रसव के बाद पति ने दिया तीन तलाक, देवर पर छेड़छाड़ का आरोप

Bareilly Crime News: अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को तीन तलाक देकर नवजात बच्ची सहित घर से निकालने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की कोशिश के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Newzo

• 03:22 PM • 02 Apr 2026

follow google news

Bareilly Crime News: बरेली जिले में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता को प्रसव के कुछ दिन बाद ही गंभीर बीमारी की हालत में तीन तलाक देकर उसकी नवजात बच्ची सहित घर से निकाल दिया गया. पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट, उत्पीड़न और देवर द्वारा छेड़छाड़ के भी गंभीर आरोप लगाए हैं.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, बारादरी क्षेत्र की रहने वाली सोनी परिवर्तित नामका निकाह 2 मई 2024 को पीलीभीत निवासी युवक से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था. पीड़िता के अनुसार, शादी में उसके परिवार ने लगभग 5 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था. शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार 5 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे. मांग पूरी न होने पर महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा.

देवर पर जबरन संबंध बनाने की कोशिश का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका देवर अक्सर उसके कमरे में घुसकर छेड़छाड़ करता था और जबरन संबंध बनाने की कोशिश करता था. जब उसने इसका विरोध किया और परिवार वालों को जानकारी दी, तो ससुराल पक्ष ने उसका साथ देने के बजाय उसे ही दोषी ठहराया और प्रताड़ना और बढ़ा दी.

इलाज न मिलने से बढ़ी पीड़ा, महिला को हुई गंभीर बीमारी

पीड़िता ने 4 नवंबर 2025 को एक बच्ची को जन्म दिया. आरोप है कि डिलीवरी के बाद उसे उचित इलाज नहीं कराया गया, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई. बाद में डॉक्टरों ने उसे 'रेक्टो वेजाइनल फिस्टुला' जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित बताया, जिसके इलाज में करीब 3.5 से 4 लाख रुपये खर्च आने की बात कही गई है.

गला दबाकर हत्या की कोशिश, फिर तीन तलाक देकर किया बेघर

पीड़िता का आरोप है कि 12 नवंबर 2025 को ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और इसके बाद पति ने तीन तलाक देकर उसे नवजात बच्ची सहित घर से बाहर निकाल दिया. वर्तमान में पीड़िता अपनी विधवा मां के साथ रह रही है. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपना इलाज कराने में असमर्थ है. पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.

ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पति, ससुर, जेठ, देवर, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: गर्मी की छुट्टियों के लिए चलेंगी 40+ समर स्पेशल ट्रेनें... गोरखपुर, लखनऊ और मऊ के यात्रियों को होगा बड़ा फायदा