Bareilly Roadways Luggage Policy: बरेली परिक्षेत्र की रोडवेज बसों में अब यात्रियों को अपने साथ ले जाने वाले सामान का विशेष ध्यान रखना होगा. नए नियमों के मुताबिक, प्रत्येक यात्री को केवल 20 किलोग्राम तक सामान मुफ्त ले जाने की अनुमति होगी. इससे अधिक वजन होने पर 1.10 रुपये प्रति किलोग्राम प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा. बता दें कि पहले यह दर 98 पैसे थी जिसे अब बढ़ा दिया गया है.
ADVERTISEMENT
ड्राइवर की सीट के पीछे लगेगी वेटिंग मशीन
अक्सर बिना बुकिंग के पार्सल ले जाने की शिकायतों को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने तकनीकी समाधान निकाला है.अब हर बस में चालक की सीट के पीछे इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन लगाई जाएगी. परिचालक (कंडक्टर) बस में चढ़ते ही यात्री के सामान का वजन करेगा और अगर वह 20 किलो से ज्यादा निकलता है तो मौके पर ही अतिरिक्त रसीद काटी जाएगी.
जब्त होगा सामान
क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि अगर बस में बिना किसी मालिक के या बिना बुकिंग के पार्सल पाया गया तो उसे तुरंत जब्त कर लिया जाएगा. जब्त किए गए सामान को मुख्य प्रबंधक को सौंपा जाएगा.अगर निर्धारित समय में कोई उस पर दावा नहीं करता है तो विभाग उसकी नीलामी कर देगा. अवैध रूप से व्यावसायिक सामान भेजने वाली फर्म या व्यक्ति के खिलाफ विभाग 'टैक्स चोरी' का मुकदमा भी दर्ज कराएगा.
राजस्व बढ़ाने की कवायद
रोडवेज प्रशासन का मानना है कि चालक और परिचालक चंद रुपयों के लालच में बिना रसीद के जो पार्सल ढोते थे उससे निगम को लाखों का चूना लग रहा था. इस नई डिजिटल व्यवस्था से न केवल अवैध पार्सल पर रोक लगेग बल्कि निगम के राजस्व में भी भारी बढ़ोतरी होगी.
ADVERTISEMENT









