Bareilly Dowry Case: दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर 6 माह की गर्भवती बहू को पीटकर घर से निकाला, पति समेत 5 पर मुकदमा

Bareilly News: बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में वैगनआर कार की मांग पूरी न होने पर 6 माह की गर्भवती महिला को मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Newzo

• 06:46 PM • 28 Mar 2026

follow google news

Bareilly News: बरेली जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर गर्भवती बहू को प्रताड़ित कर घर से निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि वैगनआर कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने 6 माह की गर्भवती महिला को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया. पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, रेशम बाग बकैनिया निवासी शीतल का विवाह 22 मई 2025 को फरीदपुर निवासी अरुण के साथ हुआ था. पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी में मोटरसाइकिल, नकदी सहित करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए थे. इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग शादी के कुछ समय बाद से ही अतिरिक्त दहेज में वैगनआर कार की मांग करने लगे.

कई बार मारपीट, खाने के साथ पहनने के लिए कपड़े भी नहीं दिए

पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. उसे ताने दिए जाते थे और कई बार मारपीट भी की गई. आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे खाना देना तक बंद कर दिया और पहनने के लिए कपड़े भी नहीं दिए गए. पीड़िता के अनुसार, 21 नवंबर 2025 को जब वह छह माह की गर्भवती थी, ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया. इसके बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई.

जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

मामले में पीड़िता ने थाना फरीदपुर में पति अरुण, जेठ विशाल, सास तुलसी देवी, चाचा ससुर समेत अन्य परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: Mangal Gochar 2026: 24 अप्रैल को रेवती नक्षत्र में मंगल का होगा प्रवेश, इन 4 राशियों के लिए खुलेंगे तरक्की के नए रास्ते