बरेली में बेटे ने किया अपने बुजुर्ग पिता पर जानलेवा हमला, पीड़ित ने एसएसपी को बताई सारी आपबीती

Bareilly News: बरेली जनपद के फरीदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज पारिवारिक मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग पिता ने अपने ही बेटे पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है.

UP News

Newzo

• 07:00 PM • 26 Mar 2026

follow google news

Bareilly News: बरेली जनपद के फरीदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज पारिवारिक मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग पिता ने अपने ही बेटे पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है. पीड़ित पिता का कहना है कि उनका बेटा अब पूरे परिवार के लिए खतरा बन चुका है और कभी भी कोई बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है.

यह भी पढ़ें...

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरीदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कानून गोयान, लाइन पार मठिया निवासी सोहन पाल ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई. उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा आकाश उर्फ पुष्पेंद्र गलत संगत में पड़कर पूरी तरह बिगड़ चुका है और आए दिन परिवार को प्रताड़ित करता रहता है.

पीड़ित पिता सोहन पाल का आरोप है कि उनका बेटा नशे का आदी हो चुका है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए घर का सामान तक बेच देता है. इतना ही नहीं, वह माता-पिता से जबरन रुपये छीनने का प्रयास करता है और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट पर उतारू हो जाता है.

सोहन पाल ने बताया कि उनका बेटा पहले भी कई बार उन्हें और उनकी पत्नी को गंभीर रूप से घायल करने की कोशिश कर चुका है. उसके हिंसक व्यवहार से पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है.

पीड़ित के अनुसार 24 मार्च की शाम को आरोपी बेटे ने उनसे रुपये छीनने की कोशिश की. जब उन्होंने विरोध किया तो वह गुस्से में आ गया और हंसिया  उठाकर पिता सोहन पाल और मां कलावती पर जानलेवा हमला कर दिया.

बताया गया कि दोनों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई. घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है.

पीड़ित पिता सोहन पाल ने बताया कि मेरा बेटा अब पूरी तरह बेकाबू हो चुका है. वह कभी भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है. हमें अपनी जान का खतरा बना हुआ है."

घटना से भयभीत बुजुर्ग पिता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने पुलिस से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.