Bareilly Crime News: बरेली में दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट, पीड़ित परिवार को बाहर निकाल किया ये सब काम

बरेली के मीरगंज में दबंगई: सिधौली गांव में घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट, जबरन निकाला बाहर और किया कब्जा. पुलिस ने मुकेश समेत 7 लोगों पर दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी.

Newzo

• 04:32 PM • 26 Mar 2026

follow google news

जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सिधौली में दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दबंगों ने घर में घुसकर महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट की और उन्हें घर से बाहर निकालकर कब्जा कर लिया. पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.ग्राम सिधौली निवासी कमला देवी पत्नी हरद्वारी लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 मार्च को वह अपने घर में अपनी बहुओं और दो छोटे पोतों के साथ मौजूद थीं. इसी दौरान ग्राम गंगापुर मिलक जनपद रामपुर निवासी मुकेश पुत्र रामभरोसे अपने भाइयों विनोद, अशोक, राजेश तथा अपने साले, पत्नी और मां के साथ जबरन घर में घुस आया.

यह भी पढ़ें...

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर कमला देवी व उनकी बहुओं के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान पीड़िता को शरीर पर कई जगह चोटें आईं. पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान दबंगों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.आरोपियों ने महिलाओं और बच्चों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया.

उन्हें और उनके परिवार को जबरन घर से बाहर निकाला

कमला देवी के मुताबिक, दबंगों ने उन्हें और उनके परिवार को जबरन घर से बाहर निकाल दिया. इसके बाद मुकेश की मां और पत्नी ने घर के अंदर कब्जा कर लिया और दरवाजे पर अंदर से ताला लगा लिया. घटना के बाद पीड़ित परिवार बेघर होकर इधर-उधर भटकने को मजबूर हो गया. पीड़िता ने बुधवार को घटना की शिकायत मीरगंज थाने में दर्ज कराई है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.इस मामले में मुकेश समेत उसके परिवार के चार सदस्यों को नामजद किया गया है.

चार नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर चार नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.पुलिस मामले की जांच कर रही है.