Bareilly News: जनपद के मीरगंज पहुंची अपना दल (कमेरावादी) की वरिष्ठ नेता व सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कई अहम मुद्दों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों की लगातार अनदेखी कर रही है, जिससे समाज में असंतोष बढ़ता जा रहा है.
ADVERTISEMENT
पल्लवी पटेल ने कहा कि सरकार की नीतियां आम जनता के हित में नहीं हैं. उन्होंने विशेष रूप से यूजीसी से जुड़े नए नियमों पर चिंता जताते हुए कहा कि यह कदम देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला है. उनके अनुसार इन नियमों से शिक्षा के क्षेत्र में असमानता बढ़ेगी और छात्रों व शिक्षकों के अधिकार प्रभावित होंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और फैसलों के कारण समाज में वर्गों के बीच दूरी बढ़ती जा रही है. इससे सामाजिक संतुलन प्रभावित हो रहा है और कमजोर वर्गों के अधिकारों पर भी असर पड़ रहा है.
पंचायत चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे
इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा. पल्लवी पटेल ने कहा कि सरकार और मंत्रियों के बीच तालमेल की कमी के कारण प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पंचायत चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं, ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके.
आगामी चुनाव में शिक्षा और जातिगत जनगणना होगी प्रमुख
पल्लवी पटेल ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी आने वाले चुनावों में शिक्षा से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ जातिगत जनगणना के सवाल को भी प्रमुखता से उठाएगी. उनका कहना है कि जातिगत जनगणना से ही समाज के सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उसी आधार पर नीतियां बनाई जा सकेंगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को मजबूती से उठाएं.
ADVERTISEMENT









