Bareilly News:उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद अंतर्गत नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम वरखन में पशुओं के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भैंसों की लड़ाई में एक भैंस के सींग टूट जाने की शिकायत करने पहुंची दो नाबालिग बहनों पर दबंग पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में दोनों बहनें लहूलुहान हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
ग्राम वरखन निवासी अब्दुल रहमान के अनुसार, उनकी नाबालिग बेटी सनोवर अपनी बंधी हुई भैंस को लेने गई थी. वहां उसने देखा कि उसकी भैंस का सींग टूटा हुआ है और पास ही गांव के ही कासिम की भैंस और एक भैंसा घूम रहे थे जिन पर ताजे खून के निशान लगे थे. सनोवर जब इस बात की शिकायत करने कासिम के घर पहुंची, तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी.
लाठी-डंडों के ताबड़तोड़ वार से दोनों बहनों के सिर फटे
विवाद बढ़ने पर आरोपी कासिम ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों जिसमें उसका बेटा, बहनोई और महिलाएं शामिल थीं को बुला लिया. सभी ने मिलकर सनोवर पर हमला कर दिया. शोर सुनकर सनोवर की नाबालिग बहन चांद बी उसे बचाने पहुंची. लेकिन हमलावरों ने उसे भी नहीं छोड़ा. पीड़ित के अनुसार, दोनों बहनों के सिर पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए गए जिससे उनके सिर फट गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं.
मामले की जांच शुरू
घायल बेटियों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया. पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









