Barabanki Traffic Update: संजय सेतु 2 महीने बंद, भारी वाहनों पर रोक; छोटे वाहनों के लिए पीपा पुल शुरू

Barabanki road closure news: रामनगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने संजय सेतु पुल को दो माह के लिए बंद कर दिया है. भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है, जबकि छोटे वाहनों के लिए नया पीपा पुल शुरू किया गया है. प्रशासन ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

Newzo

• 03:08 PM • 16 Apr 2026

follow google news

Barabanki road closure news: रामनगर क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर बड़ा निर्णय लेते हुए संजय सेतु पुल को आगामी दो माह के लिए बंद कर दिया. इसके चलते दोपहर करीब 2 बजे से चौकाघाट चेक पोस्ट पर सख्त निगरानी शुरू कर दी गई. थाना प्रभारी रामनगर अनिल कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तैनाती करते हुए संजय सेतु की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया.

यह भी पढ़ें...

पुल बंद होने के कारण चौकाघाट और आसपास के इलाकों में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. चौकाघाट, रेलवे स्टेशन क्षेत्र तथा लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. ट्रैफिक पुलिस लगातार निगरानी करते हुए भारी वाहनों को पहले ही रोककर वापस भेज रही है या वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट कर रही है, जिससे जाम की स्थिति न उत्पन्न हो.

इसी बीच चौकाघाट के पास ही लगभग 6 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से बना दो लेन का पीपा पुल भी तैयार कर लिया गया है, जिसे गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे से छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया. इस पुल पर एक लेन से आने और दूसरी से जाने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है, जिससे आवागमन सुगम बना रहे.

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी अनंत मौर्य के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने पीपा पुल पर यातायात शुरू कराया. प्रारंभ में एंबुलेंस, मोटरसाइकिल और ऑटो सहित छोटे वाहनों को ही गुजरने की अनुमति दी गई. मौके पर एसडीएम रामनगर आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल सिंह और कोतवाल अनिल कुमार पांडे मौजूद रहे और उन्होंने स्वयं निगरानी करते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए.

थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. पुल बंद रहने की अवधि तक जो भी भारी वाहन चौकाघाट पहुंचेंगे, उन्हें वहीं से वापस या अन्य मार्गों पर भेजा जाएगा. प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो.

यह भी पढ़ें: सीतापुर CHC विवाद: शराब के आरोप में घिरे डॉक्टर को CMO की क्लीन चिट, वायरल वीडियो पर फिर उठे सवाल