Barabanki News: बाराबंकी त्रिवेदीगंज क्षेत्र में लगभग दो सौ बीघा गेहूं की खड़ी फसल आग की चपेट में आ गई. कान्हीपुर, उस्मानपुर, गौरी और सादुल्लापुर सहित कई गांवों की फसलें जलकर राख हो गईं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह आग राजन तिवारी के खेत में बिजली विभाग के तार से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण दोपहर करीब 1 बजे लगी.
ADVERTISEMENT
खेतों से उठती लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय निवासियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और सैकड़ों बीघा फसल को अपनी चपेट में ले लिया. इस अग्निकांड में राजन सिंह, राहुल तिवारी, दिनेश दीक्षित, अनिल शाह, भगवती वर्मा और हरिशंकर मिश्रा सहित कई किसानों की फसलें नष्ट हो गईं.
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी. घटनास्थल पर हैदरगढ़ के एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा, तहसीलदार नम्रता दुबे, नायब तहसीलदार राम जी द्विवेदी सहित राजस्व प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.
इनके साथ सीओ समीर सिंह और लोनीकटारा पुलिस स्टाफ भी उपस्थित था. भाजपा नेता चंद्र प्रकाश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा थे. एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा ने जली हुई फसल पर दुख व्यक्त किया और किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
ADVERTISEMENT









