Ghaziabad Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक खौफनाक खबर सामने आई है. 28 मई को बकरीद के दिन 17 साल के युवक सूर्य चौहान की बीच सड़क पर चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूर्य चौहान को उसके ही मोहल्ले के कुछ मुस्लिम दोस्तों ने फोन करके बुलाया और फिर पूछा कि 'क्या कभी बकरा हलाल होते देखा है?' इसके तुरंत बाद आरोपियों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हत्याकांड का एक खौफनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसके बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव और भारी आक्रोश है. हिंदू संगठनों और स्थानीय निवासियों ने हत्यारों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
साजिश के तहत बुलाकर की गई हत्या
स्थानीय निवासियों और चश्मदीदों के मुताबिक, यह कोई अचानक हुआ विवाद नहीं था बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. 28 मई की दोपहर करीब 3:30 बजे असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक नामक युवकों ने सूर्य चौहान को फोन करके घर से बुलाया. सूर्य के साथ उसके दो अन्य दोस्त भी गए थे. लेकिन आरोपियों ने सूर्य को चारों तरफ से घेर लिया.
चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने सूर्य से बकरा हलाल देखने की बात पूछी और जब उसने मना किया तो उस पर चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया. हमलावरों ने चाकू को शरीर के भीतर इस कदर घोंपा और घुमाया कि किशोर के अंदरूनी अंग बाहर आ गए. वारदात के वक्त गली में मौजूद कुछ अन्य लोग मूकदर्शक बनकर हंस रहे थे और किसी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की. लहूलुहान सूर्य को तुरंत नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
'एनकाउंटर करो या मां के हवाले सौंपो'
सूर्य की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है. यूपी Tak की टीम जब पीड़ित परिवार के घर पहुंची तो वहां स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा था. इलाके के नागरिक विशाल वशिष्ठ और अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार से सख्त न्याय की मांग की है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि 'खोड़ा के इतिहास में आज तक ऐसी बर्बरता नहीं हुई. इन गुंडों में कानून का कोई डर नहीं है. हमारी मांग है कि पुलिस इन हत्यारों का तुरंत एनकाउंटर करे और इनके घरों पर बुलडोजर चलाए, तभी ऐसी घटिया मानसिकता खत्म होगी या फिर इन दरिंदों को पीड़ित मां के हवाले कर दिया जाए ताकि वह खुद न्याय कर सके. योगी सरकार में ऐसे गुंडों को सिर्फ और सिर्फ कड़ा दंड मिलना चाहिए.'
3 नामजद गिरफ्तार लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार
दिनदहाड़े दिल्ली-एनसीआर से सटे इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना का खौफनाक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस बैकफुट पर है और आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है.
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि 'परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. पुलिस टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है. घटना का मुख्य आरोपी अभी फरार है जिसकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं. जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.'
ADVERTISEMENT









