Barabanki Sanjay Setu Closed: रामनगर तहसील स्थित घाघरा घाट पर बना संजय सेतु अब काफी जर्जर और पुराना हो चुका है, जिससे आवागमन में लगातार दिक्कतें उत्पन्न हो रही थीं. लंबे समय से पुल पर बार-बार मरम्मत कार्य होने के कारण यातायात भी प्रभावित रहता था. इस स्थिति को देखते हुए शासन ने संजय सेतु की अस्थाई मरम्मत के लिए लगभग ढाई करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है.
ADVERTISEMENT
पुल की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने निर्णय लिया है कि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात को पूरी तरह बंद किया जाएगा. इसके विकल्प के रूप में एक अस्थाई पीपा पुल का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिससे छोटे वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से जारी रह सके. यह कदम स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, ताकि मरम्मत के दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित न हो.
बेयरिंग बदलने का कार्य तेज, 15 अप्रैल तक पीपा पुल तैयार होने की उम्मीद
शुक्रवार को संजय सेतु के नीचे कर्मचारियों द्वारा कोठियों में बेयरिंग बदलने का कार्य तेजी से किया गया. कुल 64 बेयरिंग बदले जाने हैं, जिनमें से अब केवल 9 शेष रह गए हैं. हालांकि, नदी में पानी भरा होने के कारण आगे का कार्य मशीनों की सहायता से किया जाएगा. मौके पर कई कर्मचारी लगातार काम में जुटे हुए हैं और वेल्डिंग के माध्यम से कार्य को और तेज कर दिया गया है.
संजय सेतु की अस्थाई मरम्मत अत्यंत आवश्यक: इंजीनियर सद्दाम
इंजीनियर सद्दाम के अनुसार, संजय सेतु की अस्थाई मरम्मत अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने बताया कि पीपा पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे 15 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद संजय सेतु को पूर्ण रूप से बंद कर मरम्मत कार्य किया जाएगा. फिलहाल प्राथमिकता के तौर पर पुल की नींव को मजबूत करने के लिए बेयरिंग बदलने का कार्य किया जा रहा है, ताकि आगे की मरम्मत सुरक्षित तरीके से की जा सके.
यह भी पढ़ें: मथुरा में पांटून पुल से टकराकर 25 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, यमुना में डूबने से 6 लोगों की मौत
ADVERTISEMENT









