Barabanki e-rickshaw accident: जनपद बाराबंकी में पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां ई-रिक्शा से गिरा लाखों रुपये के जेवरात से भरा बैग मात्र 30 मिनट के भीतर बरामद कर महिला को सुरक्षित लौटा दिया गया. जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को थाना जैदपुर क्षेत्र के भानमऊ निवासी रहीसा बानो, पत्नी मोहम्मद आसिफ, अपने मायके सहादतगंज थाना मसौली से ई-रिक्शा के माध्यम से अपने घर लौट रही थीं.
ADVERTISEMENT
इसी दौरान थाना जैदपुर क्षेत्र के टांड़ पुरवा मजरे गोठिया के पास अचानक उनका बैग ई-रिक्शा से नीचे गिर गया. कुछ दूरी तय करने के बाद जब उन्हें बैग गिरने का अहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही यूपी-112 और थाना जैदपुर पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया.
पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ के चलते मात्र आधे घंटे के भीतर बैग को बरामद कर लिया गया. इसके बाद पुलिस ने रहीसा बानो की मौजूदगी में बैग की जांच की, जिसमें करीब 4 से 5 लाख रुपये के कीमती जेवरात और कपड़े सुरक्षित पाए गए.
अपना खोया हुआ सामान सकुशल वापस पाकर रहीसा बानो ने बाराबंकी पुलिस का आभार व्यक्त किया. इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना हो रही है और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है. इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार यादव, कांस्टेबल पवन सिंह तथा पीआरवी 7304 की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ADVERTISEMENT









