Barabanki Train Accident: रामनगर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, मोबाइल उठाने के चक्कर में चलती ट्रेन से गिरा युवक, हालत गंभीर

Barabanki News: बाराबंकी के रामनगर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, चलती अमृतसर एक्सप्रेस से मोबाइल उठाने की कोशिश में युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. सिर में गहरी चोट लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

Newzo

• 05:12 PM • 13 Apr 2026

follow google news

Barabanki News: जनपद की तहसील रामनगर के रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहा एक युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार युवक ट्रेन के दरवाजे के पास बैठकर मोबाइल चला रहा था. इसी दौरान अचानक झटका लगने से उसका मोबाइल हाथ से छूटकर नीचे गिर गया. मोबाइल उठाने की कोशिश में युवक भी संतुलन खो बैठा और ट्रेन से नीचे गिर पड़ा.

यह भी पढ़ें...

गनीमत रही कि युवक ट्रेन के पहियों के नीचे नहीं आया, अन्यथा उसकी जान जा सकती थी. हादसे में युवक का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. घायल युवक की पहचान राज वतन के रूप में हुई है, जो अमृतसर एक्सप्रेस से समस्तीपुर जा रहा था.

सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई. एंबुलेंस यूपी 32 ईजी 5010 के ईएमटी विकास सिंह और पायलट संजय कुमार ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी रही, क्योंकि उसके सिर में गहरी चोट आई थी और लगातार खून बह रहा था. डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है.

यह घटना एक बार फिर चलती ट्रेन में दरवाजे पर बैठने और मोबाइल फोन के इस्तेमाल के खतरों को उजागर करती है. रेलवे प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और इस तरह की लापरवाही से बचें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.