Agra Viral Video: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक रूसी महिला पर्यटक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. रूसी महिला पर्यटक ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर ये आरोप लगाया है कि उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अभद्रता की गई. हालांकि आगरा पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए साफ किया है कि रूसी महिला पर्यटक के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अश्लीलता नहीं हुई थी बल्कि वीडियो को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से और बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है.
ADVERTISEMENT
क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब रूस से आगरा घूमने आई महिला पर्यटक किरा सुवोरोवा ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो के वायरल होने के बाद इसे आगरा में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और उनके साथ हुए एक असहज अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया जाने लगा. मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि रात करीब 8 बजे यह महिला सड़क पर टहल रही थी. उसने खुद अपना कैमरा अपने पीछे चल रहे एक साथी को दिया था जो उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. इसी दौरान आगे खड़े एक टैक्सी ड्राइवर ने महिला से पूछा कि वह कहां जा रही है. लेकिन महिला ने उसे अनसुना कर दिया.
टैक्सी ड्राइवर ने थोड़ा आगे बढ़कर 'मैडम-मैडम' कहकर दोबारा वही सवाल दोहराया. इसके बाद महिला अपने होटल पहुंची और वहां से वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा 'हमने आगरा की सड़कों पर घूमने का सोचा था, आपको ऐसा कभी नहीं करना चाहिए.'
पुलिस ने दिया ये रिएक्शन
एसीपी सुकन्या शर्मा ने मामले को लेकर आगरा कमिश्नरेट की सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. सुकन्या शर्मा ने सोशल मीडिया के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. एसीपी डॉ. सुकन्या शर्मा ने कहा कि 'सोशल मीडिया के माध्यम से यह वीडियो हमारे संज्ञान में आया था. हमने पूरे मामले की गहनता से जांच की है. वीडियो में जो असहजता दिख रही है उसमें कहीं भी छेड़छाड़, अभद्रता या अश्लीलता जैसी कोई बात नहीं है. वीडियो में कुछ भी अजीब या आपत्तिजनक नहीं मिला है. महिला ने खुद यह वीडियो बनवाया था जिसे बाद में इंटरनेट पर गलत तरीके से पेश कर अफवाह फैलाई गई.'
आगरा पुलिस ने साफ किया है कि ताजमहल और आगरा आने वाले विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस मामले में भी केवल टैक्सी ड्राइवर द्वारा रास्ता या गंतव्य पूछने की सामान्य बात को गलत संदर्भ में वायरल कर दिया गया. पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि बिना पूरी सच्चाई जाने किसी भी भ्रामक वीडियो या दावों को शेयर न करें जिससे शहर और देश की छवि पर गलत असर पड़े.
ADVERTISEMENT









