Bareilly news: डीएम का सख्त निर्देश: लोकल फाल्ट ठीक करने में न हो लापरवाही, शटडाउन से पहले दें सूचना डीएम अविनाश सिंह ने बिजली विभाग को लोकल फाल्ट तुरंत ठीक करने और शटडाउन से पहले जनता को सूचना देने के सख्त निर्देश दिए हैं. भीषण गर्मी में हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोगों और किसानों की परेशानी बढ़ने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है.
ADVERTISEMENT
भीषण गर्मी और लगातार पड़ रही हीटवेव के बीच बिगड़ी बिजली व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं. डीएम ने साफ कहा है कि लोकल फाल्ट को ठीक करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करें, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.
जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में शटडाउन लेने से पहले सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लोगों को पूर्व सूचना दी जाए. उन्होंने कहा कि बिना सूचना के घंटों बिजली कटौती होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है, इसलिए पारदर्शिता और तत्परता बेहद जरूरी है.
इन दिनों जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं. गांवों में स्थिति और अधिक गंभीर बनी हुई है, जहां लोगों को 24 घंटे में मुश्किल से छह से आठ घंटे ही बिजली मिल पा रही है. गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं किसानों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
किसान यूनियन के नेता पोशाकी लाल और हरद्वारीलाल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर बिजली संकट की समस्या उठाई. उन्होंने बताया कि बिजली न मिलने से खेतों में पंपिंग सेट नहीं चल पा रहे हैं. मजबूरी में किसानों को महंगे डीजल से सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है. प्रशासन ने अब बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं.
ADVERTISEMENT









