Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सामने आया एक खौफनाक मामला चर्चा में बना हुआ है. प्रयागराज में तैनात एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर बंधक बनाकर जबरन रेप करने का आरोप लगाया है. आरोप के मुताबिक, महिला दरोगा का पति उसे जहर देकर मारने की कोशिश भी कर चुका है. पीड़िता का कहना है कि इतना सब होने के बावजूद भी स्थानीय पुलिस ने चार दिनों तक उसकी कोई सुनवाई नहीं की. लेकिन मामले के तूल पकड़ने के बाद अब पुलिस ने पति, ससुर, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला
मूल रूप से लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता वर्तमान में प्रयागराज जिले में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है. पीड़िता की शादी 14 फरवरी 2025 को शुभम सिंह नाम के युवक के साथ हुई थी. पीड़िता का आरोप है कि उसका पति ठाकुर समाज से है और यह एक इंटर-कास्ट मैरिज था. शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे लगातार जातिसूचक शब्द कहकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे. उसे आए दिन अपमानित किया जाता था और दरोगा की नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर किया जाता था.
लाइसेंसी हथियार दिखाकर ससुर ने किया रेप
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में जो लिखवाया है वह बेहद खौफनाक है. महिला दरोगा का आरोप है कि उसकी नौकरी न छोड़ने और विरोध करने पर ससुर ने घर में मौजूद लाइसेंसी हथियार की नोंक पर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरन रेप की वारदात को अंजाम दिया. जब पीड़ित महिला दरोगा ने आपबीती अपने पति को बताई तो उसने पत्नी का साथ देने के बजाय उल्टा उस पर ही चिल्लाते हुए मामला दबाने और मुंह बंद रखने की हिदायत दे डाली.
चूहे मारने का जहर खिलाया
क्राइम की कड़ियों में वारदात यहीं नहीं रुकी. पीड़िता के मुताबिक, 19 जनवरी 2026 को उसके पति ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. जब महिला दरोगा ने इसका कड़ा विरोध किया तो पति और ससुराल वालों ने मिलकर उसे जबरन चूहे मारने वाला जहर खिला दिया और तड़पता हुआ कमरे में बंद कर दिया. किसी तरह पीड़िता ने अपने पिता को फोन पर इसकी जानकारी दी जिसके बाद पिता ने मौके पर पहुंचकर उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां बमुश्किल उसकी जान बची.
इसके बाद, जब पीड़िता के पिता मामले को सुलझाने और समझौते की बात करने बेटी की ससुराल पहुंचे तो दबंग ससुराल वालों ने उनके साथ भी बर्बरता की हदें पार कर दीं. पति ने ससुर पर लोहे की रॉड से हमला कर सिर फोड़ दिया और रिवॉल्वर निकाल ली.
छत के रास्ते भागकर बची जान
पीड़िता का आरोप है कि अभी हाल ही में 25 मई की सुबह उसके पति ने उस पर सीधे रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी. गोली के वार से वह बाल-बाल बची और अपनी जान बचाने के लिए वह घर की छत के रास्ते कूदकर वहां से भाग खड़ी हुई. महिला दरोगा का आरोप है कि वह पिछले चार दिनों से लगातार लखनऊ के पारा थाने के चक्कर काट रही थी. लेकिन खाकी वर्दी का सम्मान करने के बजाय स्थानीय पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही. पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर अपने रसूखदार ससुराल वालों से मिलीभगत और लापरवाही बरतने के सीधे आरोप लगाए हैं.
इस मामले पर बात करते हुए DCP कमलेश दीक्षित ने बताया कि 'महिला दरोगा की तरफ से पारा थाने में एक शिकायती तहरीर प्राप्त हुई है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़ित महिला दरोगा की तहरीर पर उसके पति, ससुर, सास और ननद के खिलाफ सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.'
ADVERTISEMENT









