‘साहब बचा लो...डूब जाऊंगा...’, ग्रेटर नोएडा में शिवकुमार ने गर्लफ्रेंड के साथ कार में बैठकर पुलिस को की कॉल, दौड़ी-दौड़ी पहुंची पुलिस लेकिन निकली ये सच्चाई

अरुण त्यागी

29 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Greater Noida Drunk Man News: ग्रेटर नोएडा में एक शराबी युवक ने कार डूबने की झूठी सूचना देकर पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को दौड़ा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गर्लफ्रेंड के साथ सुरक्षित पाया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Greater Noida News

Greater Noida News (Photo: AI Generated)

Google CTA

Greater Noida Police News: ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में एक युवक की कॉल ने पुलिस और आपातकालीन एजेंसियों को देर रात दौड़ा दिया. युवक ने पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी कार गहरे पानी में डूब रही है और अगर जल्दी मदद नहीं पहुंची तो उसकी जान जा सकती है. कुछ महीने पहले नोएडा में युवराज नाम के युवक की डूबने से हुई मौत का मामला अभी भी चर्चा में था, इसलिए पुलिस ने सूचना को बेहद गंभीरता से लिया. आनन-फानन में पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई.

यह भी पढ़ें...

मौके पर पहुंची पुलिस तो सामने आया अलग सच

दनकौर थाना प्रभारी मनोज सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम जब मंझावली पुल के पास पहुंची तो वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. जिस कार के पानी में डूबने की सूचना दी गई थी, वह किसी गहरे पानी में नहीं बल्कि सड़क किनारे कीचड़ और छोटे गड्ढे में फंसी हुई थी. कार के अंदर युवक शिवकुमार अपनी महिला मित्र के साथ सुरक्षित बैठा मिला. जांच में यह भी सामने आया कि युवक ने काफी शराब पी रखी थी.

कार निकलवाने के लिए रची झूठी कहानी

पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवकुमार ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने के लिए मंझावली पुल की तरफ गया था. इसी दौरान उसकी गाड़ी कच्चे रास्ते में फंस गई. काफी कोशिश के बाद भी जब कार बाहर नहीं निकली तो उसने पुलिस को झूठी सूचना देकर मदद लेने का प्लान बनाया. युवक ने कार डूबने और खुद की जान खतरे में होने की कहानी बनाकर पुलिस और प्रशासन को गुमराह कर दिया.

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

युवक की इस हरकत से पुलिस और बचाव एजेंसियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया. पुलिस ने सरकारी तंत्र को गलत सूचना देने, शांति भंग करने और अधिकारियों को गुमराह करने के आरोप में शिवकुमार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. मेडिकल जांच के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.