ग्रेटर नोएडा में 5 लोगों की मौत के मामले में बड़ा अपडेट! मरने से पहले महेश ने वॉइस नोट में लिया था इन लोगों का नाम

अरुण त्यागी

• 10:13 AM • 18 Oct 2026

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आया है. मृतक महेश के साले की शिकायत पर उसकी दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है.

Greater Noida 5 Death Case

Greater Noida 5 Death Case

Google CTA

Greater Noida 5 Death Case: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आया है. मृतक महेश के साले की शिकायत पर उसकी दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक महेश ने मौत से पहले मोबाइल में एक वॉइस नोट रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने इन तीनों को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था. शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद की बात सामने आई है. पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, पोस्टमार्टम में प्वाइजनिंग के लक्षण मिलने के बाद विसरा जांच के लिए भेजा गया है. मौत की असल वजह रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी.

यह भी पढ़ें...

3 लोगों के खिलाफ मुकदमा

यह मामला रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला पदम गांव का है. यहां महेश, उसकी पत्नी और तीन नाबालिग बच्चों की मौत हो गई थी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. अब मृतक के साले की शिकायत के आधार पर महेश की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप में FIR दर्ज की गई है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कथित प्रताड़ना और पांचों लोगों की मौत के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं. पुलिस वॉइस नोट और पारिवारिक विवाद से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.

यह भी पढ़ें- मेले से लौटकर पूरे परिवार ने खाई थी मैगी-चाय, फूड पॉइजनिंग या कुछ और? 5 लोगों की मौत के मामले में फंसा पेंच

 

रात में मेला देखकर लौटा था परिवार

घटना वाली रात महेश का परिवार मेला देखकर घर लौटा था. इसके बाद घर में नूडल्स यानी मैगी और चाय का सेवन किया गया. फिर परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए. अगली सुबह बच्चों को परीक्षा देने जाना था. जब पड़ोस का एक बच्चा उन्हें जगाने पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो वह दीवार फांदकर घर के अंदर गया. वहां परिवार के पांचों सदस्य अचेत अवस्था में पड़े मिले. इसके बाद पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

विसरा जांच से खुलेगा राज

पांचों की मौत की वजह जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. शुरुआती पोस्टमार्टम जांच में प्वाइजनिंग के लक्षण मिलने के बाद विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है. इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और खाने-पीने की चीजों की जांच की. खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने शुरुआती जांच के आधार पर फूड पॉइजनिंग की आशंका पर सवाल उठाए हैं. ऐसे में विसरा जांच और अन्य रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिल सकती है. फिलहाल किसी एक वजह की पुष्टि नहीं हुई है.

यह भी पढ़ें- सौरभ हत्याकांड में फांसी की सजा पाने के बाद मुस्कान ने जेल से बताया अपना अगला प्लान, अब उठाएगी ये कदम!

 

DCP श्रवण कुमार सिंह ने क्या बताया?

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कथित पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस मृतक के वॉइस नोट, शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. फिलहाल पांचों की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है. जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि परिवार के पांचों सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और दर्ज शिकायत में लगाए गए आरोपों की क्या भूमिका है.