Dussehra Traffic Advisory 2026: दशहरे पर रामलीला देखने, रावण दहन में शामिल होने या रोजमर्रा के काम से दिल्ली-नोएडा और ग्रेटर नोएडा जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें. 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा समारोह और 20-21 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के चलते कई मार्गों पर यातायात में बदलाव किया जाएगा. नोएडा स्टेडियम के सेक्टर-21ए, सेक्टर-62, भंगेल और ग्रेटर नोएडा वेस्ट समेत कई इलाकों में जरूरत के मुताबिक वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा. दिल्ली के पूर्वी हिस्से में भी शाम के समय ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. ऐसे में सही रास्ते की जानकारी लेकर निकलने से जाम और परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है.
ADVERTISEMENT
शाम 5 से रात 8 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को दशहरा समारोह के कारण पूर्वी दिल्ली में वाहनों और पैदल चलने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार कई प्रमुख सड़कों पर यातायात का मार्ग बदला जा सकता है.
इन मार्गों पर विशेष ध्यान दें:
- नेशनल हाईवे-24 (NH-24)
- नंबर 57 और रोड नंबर 57A
- रोड नंबर 56
- विकास मार्ग
इन सड़कों से गुजरने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें. खासकर शाम के समय दशहरा समारोह वाले इलाकों में निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें.
नोएडा स्टेडियम के आसपास इन रास्तों पर रहेगी रोक
नोएडा के सेक्टर-21ए स्थित स्टेडियम में रामलीला कार्यक्रम के चलते आसपास के कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. ट्रैफिक व्यवस्था के तहत कुछ रास्तों से स्टेडियम चौक, मोदी मॉल चौक और एडॉब/रिलायंस चौक की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा.
प्रभावित मार्गों में ये रास्ते शामिल हैं:
- सेक्टर-12, 22 और 56 तिराहे से स्टेडियम चौक की ओर जाने वाला मार्ग.
- सेक्टर-10/21 यू-टर्न से सेक्टर-12, 22 और 56 तिराहे की ओर जाने वाला रास्ता.
- सेक्टर-8, 10, 11 और 12 चौक से स्टेडियम चौक होते हुए मोदी मॉल चौक तक का मार्ग.
- सेक्टर-31/25 चौक से मोदी मॉल चौक और स्टेडियम चौक की ओर जाने वाला रास्ता.
- मेट्रो अस्पताल चौक से सेक्टर-12/22 चौक होते हुए एडॉब/रिलायंस चौक तक का मार्ग.
- कोस्ट गार्ड तिराहे और एनटीपीसी अंडरपास से सेक्टर-12/22 चौक की ओर जाने वाले रास्ते.
- जलवायु विहार चौक से मोदी मॉल और एडॉब चौक की ओर जाने वाला मार्ग.
- सेक्टर-24 थाने के तिराहे से एडॉब/रिलायंस चौक और मोदी मॉल चौक की ओर जाने वाला रास्ता.
इन रास्तों पर जाने वाले वाहन चालकों को आगे बढ़ने से पहले वैकल्पिक मार्ग का चुनाव करना चाहिए.
यह भी पढ़ें- 'नूडल्स में जहर देकर...' ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों पर महेश के साले ने किया बड़ा दावा, केस में आया नया मोड़!
नोएडा स्टेडियम जाने के लिए अपनाएं ये वैकल्पिक रास्ते
स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक प्रतिबंधों के दौरान अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. अगर आप रजनीगंधा चौक, सेक्टर-12/22/56 तिराहे, डीएम चौक या सेक्टर-54 की ओर से आ रहे हैं, तो इन रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- रजनीगंधा चौक से सेक्टर-12/22/56 तिराहे की ओर: सेक्टर-10/21 यू-टर्न, जलवायु विहार चौक, निठारी, सेक्टर-31/25 चौक, एनटीपीसी और गिझौड़ होकर जाएं.
- सेक्टर-12/22/56 तिराहे से स्टेडियम चौक: सेक्टर-57 चौराहा, गिझौड़ चौक और सेक्टर-31/25 चौक का रास्ता अपनाएं.
- सेक्टर-12/22/56 तिराहे से रजनीगंधा चौक: मेट्रो अस्पताल चौक, सेक्टर-8/10/11/12 चौक और हरौला/झुंडपुरा चौक होकर जा सकते हैं.
- डीएम चौक या जलवायु विहार चौक से मोदी मॉल और एडॉब चौक: निठारी, सेक्टर-31/25 चौक, एनटीपीसी और गिझौड़ होकर निकलें.
- सेक्टर-54 चौकी तिराहे से जलवायु विहार चौक: गिझौड़, सेक्टर-31/25 चौक और निठारी का रास्ता इस्तेमाल करें.
स्टेडियम में कहां होगी पार्किंग?
नोएडा स्टेडियम में वाहनों की एंट्री, निकासी और पार्किंग के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है.
- वीआईपी और वीवीआईपी वाहनों की एंट्री और निकासी गेट नंबर-7 से होगी.
- पास वाले वाहनों की एंट्री गेट नंबर-3 और निकासी गेट नंबर-4 से होगी.
- सामान्य वाहनों की पार्किंग एडॉब कंपनी के पास खाली मैदान में होगी.
सेक्टर-62 में भी बदलेगा यातायात, इन रास्तों का रखें ध्यान
सेक्टर-62 में रामलीला के आयोजन के दौरान जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा. इस क्षेत्र में पुलिस चौकी, वैल्यू बाजार, फोर्टिस और सीडैक सी-32 कंपनी के आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ सकता है.
- सेक्टर-62 पुलिस चौकी से वैल्यू बाजार और फोर्टिस की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-59 तिराहे से जा सकेंगे.
- वैल्यू बाजार तिराहे से सेक्टर-62 पुलिस चौकी की ओर जाने वाले वाहनों को भी सेक्टर-59 तिराहे का रास्ता लेना होगा.
- सीडैक सी-32 कंपनी से पीएमओ की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-62 पुलिस चौकी चौक से जा सकेंगे. विपरीत दिशा में आने वाले वाहनों को भी यही मार्ग अपनाना होगा.
इन इलाकों में जाने वाले लोगों को सलाह है कि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में 5 लोगों की मौत के मामले में बड़ा अपडेट! मरने से पहले महेश ने वॉइस नोट में लिया था इन लोगों का नाम
भंगेल और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी डायवर्जन
भंगेल, सलारपुर और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कुछ प्रमुख चौराहों पर भी यातायात की दिशा बदली जाएगी. ग्रेट एवेन्यू सोसायटी, महर्षि आश्रम चौक, लोटस ब्लू बर्ड तिराहे और सेक्टर-98, 100 व 104 की ओर जाने वाले वाहन चालकों को इन बदलावों का ध्यान रखना होगा.
भंगेल क्षेत्र में वैकल्पिक रास्ते:
- ग्रेट एवेन्यू सोसायटी तिराहे से महर्षि आश्रम चौक जाने वाले वाहन बाएं मुड़कर सलारपुर/भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे से जा सकेंगे.
- महर्षि आश्रम चौक से ग्रेट एवेन्यू सोसायटी, लोटस ब्लू बर्ड तिराहे और सेक्टर-98, 100 व 104 की ओर जाने वाले वाहन दाएं मुड़कर एलिवेटेड रोड के नीचे से जा सकेंगे.
- सेक्टर-110 में यथार्थ अस्पताल तिराहे और पुलिस चौकी तिराहे से महर्षि आश्रम चौक की ओर जाने वाले वाहनों को भी दूसरे रास्ते से जाना होगा.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में:
एकमूर्ति गोलचक्कर से ग्लैक्सी गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा. ऐसे वाहन डी-मार्ट, बिसरख गोलचक्कर, एसीई गोलचक्कर और खैरपुर गोलचक्कर होकर जा सकेंगे. डी-मार्ट से ग्लैक्सी गोलचक्कर जाने वाले वाहन भी बिसरख, एसीई और खैरपुर गोलचक्कर वाला वैकल्पिक मार्ग अपना सकते हैं.
20 और 21 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के कारण भी बदलाव
मूर्ति विसर्जन के दौरान 20 और 21 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा. विसर्जन यमुना नदी के कालिंदी मार्ग, हिंडन नदी के कुलेसरा और किसान चौक के पास प्रस्तावित है. इस वजह से दिल्ली जाने वाले और नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी.
प्रमुख वैकल्पिक मार्ग इस प्रकार हैं:
- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कालिंदी बॉर्डर: वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर भेजा जाएगा. इसके बाद डीएनडी या चिल्ला मार्ग से दिल्ली जा सकेंगे.
- सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर: वाहन महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट होंगे. आगे डीएनडी या चिल्ला मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकेगा.
- सूरजपुर से कुलेसरा: वाहन कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर गोलचक्कर होते हुए बिसरख जा सकेंगे.
- फेस-2 से हिंडन नदी: वाहनों को ककराला की ओर भेजा जाएगा. आगे सोरखा और बिसरख होकर जा सकेंगे.
- किसान चौक से पर्थला: वाहन बिसरख और सोरखा होकर जा सकेंगे.
- पर्थला से किसान चौक: वाहनों को सोरखा की ओर डायवर्ट किया जाएगा. आगे बिसरख से जा सकेंगे.
साप्ताहिक बाजार रहेंगे बंद
ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान सड़कों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार बंद रहेंगे, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. हालांकि, एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को रास्ता दिया जाएगा. इससे आपात स्थिति में सेवाओं की आवाजाही जारी रखी जा सकेगी.
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में किराए के मकान में चल रहा था ड्रग्स बनाने का खेल! NCB की रेड में 45 करोड़ के नशे का खुलासा
घर से निकलने से पहले देखें रास्ता, हेल्पलाइन नंबर जारी
दशहरा समारोह और मूर्ति विसर्जन के दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात का दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.
ट्रैफिक से जुड़ी परेशानी होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं. रामलीला देखने, रावण दहन में शामिल होने या किसी जरूरी काम से निकलने वाले लोग अपनी यात्रा की योजना पहले बना लें, ताकि प्रतिबंधित रास्तों पर पहुंचकर उन्हें वापस न लौटना पड़े.
ADVERTISEMENT











