Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. यहां ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की एक महिला ने वार्ड नंबर-81 से AIMIM पार्षद पति हाजी अफजाल पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर उसकी ससुराल से ले जाकर उसे देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगाया है. इस मामले में पीड़िता के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें वह नोटों की गड्डियों के साथ दिख रही है जिसके बाद से इलाके में बवाल मच गया है. पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने एसएसपी कार्यालय के निर्देश के बाद आरोपी पार्षद पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
निकाह के कुछ दिन बाद ही कराया तलाक
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के खत्ता रोड की रहने वाली मुसर्रत नाम की महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई. महिला ने बताया कि उसकी 22 साल की बेटी का निकाह बीती 17 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी युवक अमन के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था. महिला के मुताबिक वार्ड नंबर-81 से पार्षद पति हाजी अफजाल का उनके परिवार में आना-जाना था और वह उसे अपना मुंहबोला भाई मानती थी.
महिला का संगीन आरोप है कि हाजी अफजाल उसकी बेटी पर गलत निगाह रखता था. निकाह के कुछ ही दिन बाद आरोपी अफजाल ने उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर ससुराल से उसका तलाक करा दिया और उसे अपने साथ ले गया.
नोटों की गड्डियों का वीडियो वायरल
पीड़िता की मां का आरोप है कि हाजी अफजाल ने उसकी बेटी को बंधक बनाकर अपने पास रखा हुआ है और उसे जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया है. जब भी मां अपनी बेटी के बारे में पूछती तो आरोपी टालमटोल करते हुए कहता कि बेटी सुभारती में पढ़ रही है और पीजी में रह रही है. महिला ने यह भी बताया कि पेशे से पत्थर का कारोबार करने वाले हाजी अफजाल ने उसकी बेटी के बैंक खाते में मोटी रकम ट्रांसफर की है और वह उसे अक्सर अपने साथ राजस्थान भी ले जाता है. जब परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी.
इस बीच पीड़िता के कुछ वीडियो पुलिस को सौंपे गए हैं जिनमें वह बेड पर लेटी हुई 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियों के साथ दिखाई दे रही है. महिला का दावा है कि यह वीडियो राजस्थान का है जहां आरोपी उसकी बेटी को लेकर गया था. हालांकि मामले में एक अन्य वीडियो युवती का भी सामने आया है जिसमें वह अपनी मर्जी से ससुराल से आने की बात कह रही है. मां का आरोप है कि उन्होंने पहले भी ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत की थी.लेकिन तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने एआईएमआईएम पार्षद पति हाजी अफजाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और वीडियो व बैंक ट्रांजैक्शन की बारीकी से जांच की जा रही है. एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि 'पुलिस को एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था जिसमें एक महिला ने आरोप लगाया है कि उनकी 22 वर्षीय बेटी की शादी के बाद परिवार से भाई का रिश्ता रखने वाले एक स्थानीय पार्षद ने गलत नीयत से उसकी शादी तुड़वाई और उसे अपने साथ ले गया. इस संबंध में एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें युवती काफी सारे रुपयों के साथ दिखाई दे रही है. फिलहाल पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'
ADVERTISEMENT









