Ram Mandir New Counting Rules: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. इस बीच मंदिर के दान काउंटिंग सिस्टम में सुरक्षा और पारदर्शिता को बढ़ाने के लिए बड़ा बदलाव किया गया है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, काउंटिंग हॉल में अब कर्मचारियों को बेहद सख्त सुरक्षा व्यवस्था और डबल चेकिंग के बाद ही एंट्री दी जा रही है.
ADVERTISEMENT
राम मंदिर काउंटिंग सिस्टम में बदले गए ये 6 मुख्य नियम:
दान गणना प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और ट्रस्ट की तरफ से कुल 6 कड़े नियम लागू किए गए हैं, जो इस प्रकार हैं:
नियम 1 (नया ड्रेस कोड): काउंटिंग कर्मचारियों को अब बिना किसी जेब वाली डार्क कम नीले रंग की ड्रेस पहनना अनिवार्य होगा.
नियम 2 (दोहरी सुरक्षा जांच): काउंटिंग हॉल में प्रवेश करने से पहले प्रत्येक कर्मचारी को डबल चेकिंग की सुरक्षा जांच से गुजरना होगा.
नियम 3 (बैठने की व्यवस्था): काउंटिंग का कार्य अब कुर्सी-मेज पर नहीं कराया जाएगा, बल्कि सभी कर्मचारी जमीन पर बैठकर गिनती करेंगे.
नियम 4 (निजी सामान पर प्रतिबंध): मोबाइल फोन, कैमरा, बैग और अन्य कोई भी निजी सामान काउंटिंग हॉल के अंदर ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है.
नियम 5 (जूते-चप्पल बाहर): कर्मचारियों को काउंटिंग हॉल के मुख्य द्वार पर प्रवेश करने से पहले अपने जूते-चप्पल भी बाहर ही उतारने होंगे.
नियम 6 (कड़ी सुरक्षा प्रवेश): काउंटिंग हॉल में अब कर्मचारियों को सामान्य एंट्री के बजाय विशेष रूप से तैयार सख्त सुरक्षा घेरे और मॉनिटरिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है.
'व्यवस्था कार्यकर्ता' पास के जरिए एंट्री करता था आरोपी अनुकल्प
इस चोरी के मामले की जांच के बीच, आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर एक बेहद अहम जानकारी सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, अनुकल्प मिश्रा के नाम पर मंदिर में 'व्यवस्था कार्यकर्ता' के तौर पर एंट्री पास जारी किया जाता था.
आरोप है कि मंदिर परिसर में होने वाले हर एक विशेष कार्यक्रम के दौरान अनुकल्प मिश्रा के नाम से यह एंट्री पास बकायदा बनाया जाता था. दावा किया जा रहा है कि इसी 'व्यवस्था कार्यकर्ता' वाले पास के दम पर उसे मंदिर परिसर के भीतर आसानी से प्रवेश मिल जाता था और इसी पास के आधार पर वह चढ़ावे की धनराशि को गिनने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया में भी शामिल होता था.
दोषियों को सीधे फांसी पर लटका देना चाहिए: महंत दिनेंद्र दास
चढ़ावे की इस कथित चोरी को लेकर राम मंदिर से जुड़े संतों और पदाधिकारियों में भारी आक्रोश है. इस मामले पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने दोषियों के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अपनाया है और उनके लिए सबसे सख्त सजा की मांग की है. महंत दिनेंद्र दास महाराज ने दोटूक शब्दों में कहा कि, "भगवान के घर में अपराध करने वालों को सीधे फांसी पर लटका देना चाहिए."
ADVERTISEMENT











