Ram Mandir No Pocket Dress Code: राम मंदिर के दान काउंटिंग सिस्टम में सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कई बड़े बदलाव किए गए हैं. अब काउंटिंग हॉल में प्रवेश से पहले कर्मचारियों की दो चरणों में सुरक्षा जांच होगी और उनके लिए नया ड्रेस कोड भी लागू किया गया है. यह बदलाव ऐसे समय में किए गए हैं, जब मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला जांच के दायरे में है. हालांकि यह ड्रेस कोड आम नागरिकों पर लागू नहीं होगा.
ADVERTISEMENT
बिना जेब वाली ड्रेस और सख्त सुरक्षा जांच
सूत्रों के अनुसार, दान की गिनती करने वाले कर्मचारियों को अब बिना किसी जेब (पॉकेट) वाली डार्क ब्लू रंग की ड्रेस पहनना अनिवार्य होगा. काउंटिंग हॉल में प्रवेश से पहले सभी कर्मचारियों की डबल चेकिंग की जाएगी. इसके अलावा मोबाइल फोन, कैमरा, बैग और अन्य निजी सामान अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. कर्मचारियों को हॉल में प्रवेश से पहले जूते-चप्पल भी बाहर उतारने होंगे. वहीं, अब दान की गिनती कुर्सी-मेज के बजाय जमीन पर बैठकर कराई जाएगी.
जांच के बीच अनुकल्प मिश्रा से जुड़े नए दावे
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच के दौरान आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, उनके नाम पर मंदिर में 'व्यवस्था कार्यकर्ता' के रूप में एंट्री पास जारी किया जाता था. आरोप है कि विशेष कार्यक्रमों के दौरान इसी पास के जरिए उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश मिलता था और वे चढ़ावे की राशि की गिनती की प्रक्रिया में शामिल होते थे. इन दावों की जांच जारी है.
दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की
इस मामले पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि 'भगवान के घर में अपराध करने वालों को सीधे फांसी पर लटका देना चाहिए.' फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं.
ADVERTISEMENT











