Ram Mandir Donation Theft Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के बीच एक और बड़ा खुलासा सामने आया है. मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा और अन्य आरोपियों के घरों पर पुलिस और जिला प्रशासन ने एक साथ छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया. इसी बीच एक एक्सक्लूसिव वीडियो सामने आया है, जिसमें अनुकल्प मिश्रा के घर आयोजित भव्य रामकथा में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की मौजूदगी दिखाई देने का दावा किया गया है. पुलिस मामले में आर्थिक लेनदेन, संपत्ति और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
रामकथा पर अधिक खर्च होने का दावा
जांच के दौरान सामने आए वीडियो के अनुसार, आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने अपने घर पर सात दिनों तक भव्य रामकथा का आयोजन कराया था. दावा किया गया है कि इस आयोजन पर 50 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए. जानकारी के मुताबिक, 30 अप्रैल को रामकथा का सातवां और अंतिम दिन था. इसी कार्यक्रम में चंपत राय के पहुंचने का वीडियो भी सामने आया है. इसके अलावा 10 अप्रैल 2024 की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें मंदिर परिसर के दान काउंटिंग कक्ष के सामने गणना कर्मियों की नियमित बैठक होती दिखाई गई है.
काम मिलने के बाद बढ़ी संपत्ति के आरोप
अनुकल्प मिश्रा की रिश्ते में चाची लगने वाली नेहा मिश्रा ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में काम मिलने के बाद अनुकल्प और उसके परिवार की आर्थिक स्थिति में अचानक बड़ा बदलाव आया. उन्होंने कहा, **"राम मंदिर में काम करने के बाद से अनुकल्प और उसके परिवार की संपत्ति तेजी से बढ़ी. नया मकान, जमीन और खेत खरीदे गए."** उन्होंने यह भी दावा किया कि अनुकल्प के रिश्ते में दामाद लगने वाले लवकुश मिश्रा की आर्थिक स्थिति में भी इसी दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला. वहीं पुलिस मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को कौशलपुरी स्थित श्याम साधना योग केंद्र भी लेकर पहुंची, जहां जांच के दौरान कुछ दस्तावेज और हाल ही में खरीदी गई एक गाड़ी से जुड़ी जानकारी मिलने की बात सामने आई है.
सातों आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रमा शंकर मिश्रा, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, मनीष यादव समेत सभी सात आरोपियों के घरों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया. यह कार्रवाई साक्ष्य जुटाने और कथित अवैध संपत्तियों की जांच के उद्देश्य से की गई. नयाघाट के स्वर्गद्वार इलाके में रहने वाले आरोपियों के घरों पर करीब डेढ़ से ढाई घंटे तक तलाशी ली गई.
जांच एजेंसियां जुटा रहीं साक्ष्य
छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों ने घरों में रखी अलमारियों, बक्सों और अन्य सामान की बारीकी से जांच की. स्थानीय लोगों के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान हर दस्तावेज और सामान की जांच की गई. कार्रवाई पूरी होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने लौट रही पुलिस टीमों की भी औपचारिक जांच की. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जांच एजेंसियां आर्थिक लेनदेन, संपत्ति, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही हैं. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
ADVERTISEMENT











