Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार नए मोड़ ले रही है. जानकारी के मुताबिक चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के बैंक खातों में रोज जमा होने वाली राशि में बड़ा अंतर देखने को मिला है. पहले जहां रोज 16 से 18 लाख रुपये जमा हो रहे थे वहीं अब यह बढ़कर 24 से 26 लाख रुपये तक पहुंच गया है. इतने बढ़े अंतर को देखकर SIT यह जांच कर रही है कि कहीं लंबे समय से रोजाना लाखों रुपये की चोरी तो नहीं हो रही थी.
ADVERTISEMENT
बैंक खातों में बढ़ रही जमा राशि
चोरी का मामला उजागर होने से पहले ट्रस्ट के SBI और PNB बैंक खातों में रोज लगभग 16 से 18 लाख रुपये जमा किए जा रहे थे. लेकिन अब यह मामला सामने आने के बाद यही रकम बढ़कर 24 से 26 लाख रुपये प्रतिदिन दर्ज की जा रही है. एसआईटी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पहले कम राशि जमा होने की वजह क्या थी और क्या इस अंतर के पीछे किसी तरह की चोरी की भूमिका रही है या नहीं.
10 बैंक कर्मियों से हुई पूछताछ
इस मामले में एसआईटी ने बैंकिंग प्रक्रिया की भी जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों ने SBI के मैनेजर सहित कुल 10 बैंक कर्मियों से पूछताछ की है. पूछताछ के दौरान बैंक से जुड़े आवश्यक दस्तावेज, लेनदेन का रिकॉर्ड और अन्य सभी रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए गए हैं. अब इन दस्तावेजों का अच्छे से जांच किया जा रहा है, ताकि यह साफ हो सके कि रकम जमा होने की प्रोसेस में कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई और यदि हुई तो उसकी जिम्मेदारी किस स्तर पर तय होती है.
दो-तीन लोगों की भूमिका पर संदेह
सूत्रों की मानें तो अब तक की जांच में दो से तीन लोगों की भूमिका संदेह के दायरे में आई है. जानकारी के मुताबिक एसआईटी इन लोगों की गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन की अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है. जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैंक खातों में जमा होने वाली राशि में आए अंतर के पीछे किन लोगों की भूमिका हो सकती है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम जानकारी सामने आ सकती हैं.
ADVERTISEMENT











