UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून की चाल इन दिनों कुछ सुस्त तो कहीं पूरी तरह मेहरबान नजर आ रही है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अगस्त को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का बिल्कुल अलग मिजाज देखने को मिलेगा.जहां पूर्वांचल और मध्य यूपी के कुछ जिलों में बारिश की फुहारें राहत पहुंचाएंगी. वहीं पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT
कैसा रहेगा 27 अगस्त को मौसम का हाल?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश पर बने 'वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया' और अमृतसर, नजीबाबाद, फतेहगढ़ से गुजर रही मानसूनी ट्रफ के असर से राज्य के अलग-अलग अंचलों में मौसम भिन्न रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश, विन्ध्य क्षेत्र और मध्य मैदानी अंचलों में मानसून सक्रिय रहेगा. यहां कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों और भाभर-तराई इलाकों में बारिश सामान्य से कम रहने के आसार हैं. यहां बादलों की आवाजाही तो रहेगी लेकिन तेज धूप और नमी के चलते तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है जिससे उमस भरी गर्मी परेशान करेगी.
किन जिलों में बारिश की संभावना और अलर्ट?
मौसम विभाग के मुताबिक 27 अगस्त को झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा और जालौन क्षेत्र में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज बारिश की संभावना है.वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली और आजमगढ़ के आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, रायबरेली और फतेहपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की उम्मीद है.
किसानों के लिए जरूरी एडवाइजरी
मौसम विभाग के राज्य कृषि मौसम परामर्श अनुभाग ने बारिश को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. खेतों में जलभराव की स्थिति न बनने दें,अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था रखें. हवा और बारिश के कारण फसल गिरने से बचाने के लिए सहारा दें.तेज बारिश के दौरान खेतों में यूरिया या अन्य कीटनाशकों का छिड़काव न करें.
ADVERTISEMENT











