MBBS और BDS इंटर्न्स को अब दोगुना से भी ज्यादा मिलेगा स्टाइपेंड, अब तक मिलते थे 12000 रुपये

यूपी तक

• 12:57 PM • 26 Aug 2026

यूपी सरकार ने MBBS और BDS इंटर्न्स का स्टाइपेंड बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह कर दिया है. 3928 मेडिकल छात्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली.

MBBS and BDS interns

MBBS and BDS interns

Google CTA

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के मेडिकल और डेंटल स्टूडेंट्स को एक बड़ा तोहफा दिया है. 25 अगस्त 2026 को आयोजित हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों,संस्थानों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों से पढ़ाई पूरी कर रहे MBBS और BDS छात्रों के रोटेटिंग इंटर्नशिप स्टाइपेंड को बढ़ाने का फैसला लिया है. सरकार के इस कदम से अब इंटर्न्स को प्रति माह ₹12,000 की जगह पर ₹25,000 का मानदेय/भत्ता मिलेगा.

यह भी पढ़ें...

3928 छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ

कैबिनेट द्वारा स्वीकृत इस प्रस्ताव से प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण होने वाले लगभग 3928 छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ पहुंचेगा. स्टाइपेंड में हुई इस बढ़ोतरी से भावी डॉक्टरों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक लगन से अपनी सेवाएं दे सकेंगे.

रोगियों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं इंटर्न्स

MBBS और BDS की पढ़ाई के दौरान रोटेटिंग इंटर्नशिप एक अनिवार्य और महत्वपूर्ण चरण होता है. इस दौरान ये युवा चिकित्सक अस्पतालों में सीनियर डॉक्टरों के साथ मिलकर 24/7 ड्यूटी करते हैं. साथ ही रोगियों के उपचार, आपातकालीन सेवाओं और चिकित्सकीय सहयोग में अग्रणी भूमिका निभाते हैं. उनके इसी योगदान और समर्पण को देखते हुए राज्य सरकार ने उनके भत्ते में दोगुनी से भी अधिक की ऐतिहासिक वृद्धि की है.

कैबिनेट बैठक में लगी मुहर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई इस कैबिनेट बैठक में राज्य के स्वास्थ्य सेवा ढांचे को मजबूत करने और मेडिकल शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया. भत्ता बढ़ाने के इस निर्णय से न केवल छात्रों की आर्थिक निर्भरता कम होगी बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में भी गुणवत्तापूर्ण सुधार देखने को मिलेगा.
 

ये भी पढ़ें: यूपी में 60 साल+ उम्र की महिलाएं अब सरकारी बसों में करेंगी फ्री यात्रा, साथ में रखना होगा बस ये डॉक्यूमेंट