UP Scholarship Portal Re-open News: उत्तर प्रदेश में छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में तकनीकी समस्या, डाटा लंबित रहने या संस्थानों में कुछ दिक्कत के कारण जिन पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन पूरे नहीं हो पाए थे, उन्हें अब एक और मौका मिलेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार 25 अगस्त को हुई कैबिनेट बैठक में ऐसे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोलने के फैसले को मंजूरी दी गई है. छात्रवृत्ति के साथ शुल्क प्रतिपूर्ति (Fee Reimbursement) का लाभ भी मिलेगा.
ADVERTISEMENT
वंचित छात्रों को फिर मिलेगा मौका
जिन पात्र विद्यार्थियों के आवेदन तकनीकी दिक्कत, डाटा पेंडिंग या संस्थानों की लापरवाही के कारण पूरे नहीं हो सके थे, वे पोर्टल दोबारा खुलने पर प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. इससे छूटे छात्रों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का अवसर मिलेगा.
सभी वर्गों के पात्र छात्रों को लाभ
इस फैसले का लाभ सभी वर्गों के वंचित पात्र छात्र-छात्राओं को मिलेगा. इसमें अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), सामान्य (General) और अल्पसंख्यक (Minority) वर्ग शामिल हैं. कैबिनेट ने पात्र विद्यार्थियों को राशि देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से आवश्यक धनराशि खर्च करने को मंजूरी दी है.
तकनीकी दिक्कतों से वंचित छात्रों को राहत
हर साल कई विद्यार्थी पोर्टल की तकनीकी खराबी या संस्थानों की ओर से समय पर सत्यापन (Verification) नहीं होने के कारण छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं. सरकार के इस कदम से ऐसे पात्र विद्यार्थियों को दोबारा लाभ पाने का अवसर मिलेगा. इससे लाखों मेधावी और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को राहत मिलने की उम्मीद है और वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे.
ADVERTISEMENT











