रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेनों की आ गई पूरी लिस्ट, यूपी-दिल्ली समेत इन रूटों के यात्रियों को मिलेगा आराम

आयशा शेख़

• 02:46 PM • 25 Aug 2026

रक्षाबंधन पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए अलग-अलग रूटों पर अनारक्षित और रिजर्व्ड स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी.

UP Tak
Google CTA

रक्षाबंधन के मौके पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है. इन ट्रेनों से यात्रियों को अलग-अलग रूटों पर आने-जाने में सुविधा मिलेगी. रेलवे के मुताबिक, ये ट्रेनें अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए चलाई जाएंगी.

यह भी पढ़ें...

रेलवे की जारी सूची में दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश से जुड़े कई प्रमुख रूट शामिल हैं. कुछ ट्रेनें 27 और 28 अगस्त को चलेंगी, जबकि कुछ स्पेशल ट्रेनें 26 अगस्त से 4 सितंबर तक अलग-अलग तारीखों पर संचालित होंगी.

दिल्ली-मुजफ्फरनगर के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

ट्रेन नंबर 04402/04401 तिलक ब्रिज-मुजफ्फरनगर-तिलक ब्रिज अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 27 और 28 अगस्त को चलेगी. तिलक ब्रिज से ट्रेन सुबह 9:45 बजे रवाना होगी और दोपहर 1 बजे मुजफ्फरनगर पहुंचेगी. 

वापसी में मुजफ्फरनगर से ट्रेन दोपहर 1:30 बजे चलेगी और शाम 5:30 बजे तिलक ब्रिज पहुंचेगी. रास्ते में आनंद विहार, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मेरठ कैंट, खतौली और मंसूरपुर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव होगा.

पानीपत-दिल्ली-अंबाला के लिए भी स्पेशल ट्रेन

ट्रेन नंबर 04404/04403 पानीपत-दिल्ली जंक्शन-अंबाला कैंट स्पेशल भी 27 और 28 अगस्त को चलेगी. इस ट्रेन में पानीपत, सोनीपत, नरेला, आदर्श नगर दिल्ली, दिल्ली आजादपुर, सब्जी मंडी और दिल्ली जंक्शन जैसे स्टेशन शामिल हैं. दिल्ली से आगे ट्रेन कुरुक्षेत्र होते हुए अंबाला कैंट तक जाएगी.

इसके अलावा 04406 अंबाला कैंट-पानीपत जंक्शन-अंबाला कैंट अनारक्षित स्पेशल भी 27 और 28 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन अंबाला कैंट से रात 8:10 बजे रवाना होकर कुरुक्षेत्र, करनाल और अन्य स्टेशनों से होते हुए रात 10:45 बजे पानीपत पहुंचेगी.

शामली-दिल्ली शाहदरा के बीच भी ट्रेन

04408/04407 शामली-दिल्ली शाहदरा-शामली अनारक्षित स्पेशल भी 27 और 28 अगस्त को चलेगी. शामली से ट्रेन सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और 10:40 बजे दिल्ली शाहदरा पहुंचेगी. 

वापसी में दिल्ली शाहदरा से ट्रेन सुबह 11:40 बजे चलेगी और दोपहर 2:05 बजे शामली पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव कांधला, बड़ौत, बागपत रोड, खेकड़ा और अन्य स्टेशनों पर होगा.

नई दिल्ली-कानपुर के लिए सुपरफास्ट स्पेशल

रक्षाबंधन के आसपास लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 02456/02455 नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल-नई दिल्ली रिजर्व्ड सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी. नई दिल्ली से यह ट्रेन 28, 29 और 31 अगस्त तथा 2 और 4 सितंबर को चलेगी. कानपुर से भी इन्हीं तारीखों पर ट्रेन चलेगी. इसमें स्लीपर और एसी कोच होंगे.

नई दिल्ली से ट्रेन सुबह 7:15 बजे चलेगी और अलीगढ़, टूंडला व इटावा होते हुए दोपहर 12:30 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. वापसी में कानपुर से ट्रेन दोपहर 1:30 बजे चलेगी और शाम 7:35 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.

आनंद विहार-कानपुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन

02458/02457 आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल रिजर्व्ड सुपरफास्ट स्पेशल 30 अगस्त, 1 सितंबर और 3 सितंबर को चलेगी. इसमें एसी और स्लीपर कोच होंगे. आनंद विहार से ट्रेन सुबह 7:20 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:30 बजे कानपुर पहुंचेगी. वापसी में कानपुर से दोपहर 1:30 बजे चलकर ट्रेन शाम 7:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी.

दिल्ली-मथुरा और गाजियाबाद-अलीगढ़ रूट भी शामिल

04410/04409 हजरत निजामुद्दीन-मथुरा जंक्शन-हजरत निजामुद्दीन अनारक्षित स्पेशल 27 और 28 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन फरीदाबाद, पलवल, होडल, कोसी कलां और वृंदावन रोड होते हुए मथुरा पहुंचेगी.

वहीं 04412/04411 गाजियाबाद-अलीगढ़ जंक्शन-गाजियाबाद अनारक्षित स्पेशल भी 27 और 28 अगस्त को चलेगी. यह ट्रेन गाजियाबाद से सुबह 11 बजे चलेगी और खुर्जा जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर रुकते हुए दोपहर 1 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी.

यूपी से दिल्ली के लिए भी कई ट्रेनें

02275/02276 सबेडरगंज-शकूरबस्ती साप्ताहिक स्पेशल अलग-अलग तारीखों पर चलेगी. सबेडरगंज से ट्रेन 25, 28 और 30 अगस्त को चलेगी, जबकि शकूरबस्ती से 26, 29 और 31 अगस्त को चलेगी. 

इसके अलावा 04147/04148 और 04163/04164 नंबर की अतिरिक्त सेवाएं भी सूची में शामिल हैं. इस रूट पर फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ और दिल्ली प्रमुख ठहराव हैं.

झांसी-हजरत निजामुद्दीन के बीच दो स्पेशल ट्रेनें

01901/01902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन-हजरत निजामुद्दीन जंक्शन स्पेशल 27 और 28 अगस्त को चलेगी. इसमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे. ट्रेन झांसी से चलकर दतिया, डबरा, ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा और कोसी कलां होते हुए हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी.

इसके अलावा 01903/01904 भी इसी रूट पर 26 से 30 अगस्त के बीच निर्धारित तारीखों में चलेगी. इसमें भी एसी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे.

खजुराहो से दिल्ली के लिए भी स्पेशल ट्रेन

01913/01914 खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो स्पेशल भी सूची में शामिल है. खजुराहो से यह ट्रेन 26, 28 और 30 अगस्त को चलेगी, जबकि हजरत निजामुद्दीन से 27, 29 और 31 अगस्त को चलेगी. 

इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे. रास्ते में छतरपुर, खड़गपुर, टीकमगढ़, झांसी, दतिया, ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर, आगरा कैंट और मथुरा जैसे स्टेशन शामिल हैं.