'आपत्तिजनक ड्रेस' पहनकर वीडियो बनाने वालीं महिला दरोगा अनु कॉलिस कौन हैं, कहां की रहने वाली हैं?

यूपी तक

• 10:39 AM • 25 Aug 2026

मेरठ की SI अनु कॉलिस वायरल वीडियो विवाद के बाद सस्पेंड हैं. उन्होंने ड्रेस, QR कोड और सोशल मीडिया पर लगाए आरोपों पर सफाई दी. मामले की जांच जारी है.

UP SI Anu Collis

UP SI Anu Collis

Google CTA

अनु कॉलिस. इस नाम से आप बीते कई दिनों से परिचित होंगे. अनु कॉलिस यूपी पुलिस में दारोगा के पद पर तैनात हैं. मौजूदा वक्त में मेरठ जिले में इनकी पोस्टिंग है. फिलहाल, अनु कॉलिस सस्पेंड चल रही हैं. बीते दिनों अनु कॉलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर गया. इसके बाद अनु कॉलिस निलंबित कर दी गईं. वीडियो को लेकर उन पर अश्लील कंटेंट बनाने और QR कोड के जरिए पैसे लेने जैसे आरोप लगाए गए थे. विवाद के एक हफ्ते बाद अनु कॉलिस खुद सामने आईं और वीडियो को लेकर अपना पक्ष रखा. उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर उनके खिलाफ माहौल बनाया गया और उन्हें व उनके परिवार को धमकियां मिल रही हैं.

यह भी पढ़ें...

कौन हैं अनु कॉलिस?

अनु कॉलिस उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं और 2023 बैच की अधिकारी हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं. मेरठ में पोस्टिंग के दौरान रोहटा और ब्रह्मपुरी थाने में तैनात रह चुकी हैं. इसके बाद मेरठ पुलिस लाइंस और एसएसपी ऑफिस से भी जुड़ी रहीं.

सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं कॉलिस

अनु सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रही हैं. वह फिटनेस, जिम और फूड से जुड़े वीडियो बनाती थीं. अगस्त 2026 में उनका एक लाइव यूट्यूब वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया. इस वीडियो में वह ऐसी ड्रेस में नजर आईं, जिसे कुछ लोगों ने आपत्तिजनक बताते हुए सवाल उठाए. वीडियो में एक QR कोड भी दिखाई दे रहा था. इसके बाद सोशल मीडिया पर आरोप लगाए गए कि अनु आपत्तिजनक वीडियो बनाती हैं और QR कोड के जरिए फंडिंग या पैसे लेती हैं.

QR कोड पर अनु कॉलिस ने क्या कहा?

अनु कॉलिस ने इन आरोपों को गलत बताया. उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहा QR कोड किसी फंडिंग या डोनेशन के लिए नहीं था, बल्कि उनके इंस्टाग्राम हैंडल का QR कोड था. उनका कहना है कि वह अपने वीडियो में लोगों से चैनल को सब्सक्राइब करने, वीडियो को लाइक और शेयर करने और इंस्टाग्राम पर फॉलो करने के लिए कहती थीं. इसी वजह से QR कोड का इस्तेमाल किया गया था.

सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने वाले पर भी लगाए आरोप

अनु कॉलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमित किल्होर पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनके सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो लेकर अपने प्लेटफॉर्म पर शेयर किया और उनके खिलाफ माहौल बनाया. अनु का कहना है कि अगर उनके कंटेंट को लेकर आपत्ति थी तो सीधे पुलिस विभाग या संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा सकती थी. उनका सवाल है कि विभाग में शिकायत करने के बजाय वीडियो को सोशल मीडिया पर क्यों शेयर किया गया. उनके मुताबिक, वायरल वीडियो की वजह से उनकी नौकरी, मेहनत और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है.

अनु कॉलिस ने ड्रेस को लेकर क्या कहा?

सस्पेंड होने के बाद सामने आईं अनु कॉलिस ने उसी ड्रेस को लेकर भी सफाई दी, जिस पर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए गए थे. उन्होंने कहा कि यह ड्रेस उन्होंने अपनी मां के साथ आगरा के एक मॉल से खरीदी थी और इसे पहनना उनकी व्यक्तिगत पसंद है. उन्होंने कहा कि उनके परिवार में इस तरह के कपड़े पहनना सामान्य है और उनके माता-पिता या भाई को इससे कोई परेशानी नहीं है.

16 अगस्त को क्यों किया गया सस्पेंड?

वायरल वीडियो के बाद मामला सोशल मीडिया से निकलकर पुलिस विभाग तक पहुंचा. 16 अगस्त को अनु कॉलिस को सस्पेंड कर दिया गया. कॉलिस के खिलाफ विभागीय जांच सीओ कार्यालय की सौम्या सिंह को सौंपी गई है. वहीं वायरल वीडियो और उससे जुड़े डिजिटल एविडेंस की तकनीकी जांच साइबर सेल कर रही है. कुछ रिपोर्ट्स में एसपी क्राइम अवनीश कुमार के भी मामले की जांच करने की बात कही गई है. यानी मामले की जांच विभागीय और तकनीकी, दोनों स्तर पर चल रही है.

सस्पेंशन का मतलब आरोप साबित होना नहीं

इस मामले में यह भी समझना जरूरी है कि सस्पेंशन का मतलब आरोप साबित होना नहीं होता. यह विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है, जिसके दौरान आरोपों और उपलब्ध सबूतों की जांच की जाती है. अनु कॉलिस का कहना है कि विवाद की वजह से उनकी निजी जिंदगी भी प्रभावित हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और उनके परिवार के लोगों को भी परेशान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस विवाद का उनकी मानसिक स्थिति पर भी असर पड़ा है और उनकी सामाजिक जिंदगी प्रभावित हुई है.

अब जांच के नतीजे का इंतजार

फिलहाल अनु कॉलिस सस्पेंड हैं और मामला जांच के अधीन है. वायरल वीडियो को लेकर लगाए गए आरोप अभी अंतिम रूप से साबित नहीं हुए हैं.

ये भी पढ़ें: अश्लील Video के आरोप में सस्पेंड होने वाली दारोगा अनु ने वही ड्रेस पहनकर बनाई वीडियो, QR कोड की स्टोरी भी बता दी!