उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है. सीएम ने कहा कि आने वाले छह महीनों में प्रदेश में 1 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए आयोगों और बोर्डों को समयसीमा कम करनी होगी.
ADVERTISEMENT
लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से अब तक उनकी सरकार 9.30 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है. उनके मुताबिक, भर्तियां पारदर्शी तरीके से और बिना भेदभाव के की गई हैं.
सीएम योगी मंगलवार को 3,446 तकनीकी सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम में पहुंचे थे. इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहे. योगी ने कहा कि नियुक्तियों में मेरिट के साथ आरक्षण के नियमों का भी पालन किया गया है.
भर्ती प्रक्रिया पर बोले सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले भर्ती का विज्ञापन निकलने के बाद युवाओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था. उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव पर भी तंज कसा और भर्ती में कथित वसूली का आरोप लगाया.
सीएम ने कहा कि उस समय युवा परीक्षा देते थे, लेकिन समय पर परिणाम नहीं आता था. कई मामलों में अदालतों को भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगानी पड़ती थी. उनके मुताबिक, इससे युवाओं का समय और उम्र दोनों बर्बाद होते थे. योगी ने इसका जिम्मेदार उस समय के भ्रष्ट अधिकारियों, बोर्ड, आयोग और नेताओं को बताया.
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अपराध और नकल माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है. माफिया की संपत्तियों पर कार्रवाई के साथ भर्ती प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाया गया है.
छह महीने में भर्ती पूरी करने का लक्ष्य
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कई भर्ती परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और अब उनके परिणाम जारी करने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने आयोगों और भर्ती बोर्डों से प्रक्रिया में लगने वाला समय कम करने को कहा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती के लिए मांग आने के बाद एक महीने के भीतर विज्ञापन जारी होना चाहिए और अगले महीनों में परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया पूरी कर ली जानी चाहिए. उनका लक्ष्य है कि भर्ती प्रक्रिया छह महीने के भीतर पूरी हो.
यूपी बोर्ड परीक्षा का दिया एग्जामपल
योगी ने यूपी बोर्ड परीक्षा का एग्जामपल देते हुए कहा कि अब करीब 56 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा 14 दिन में कराई जाती है और अगले 14 दिनों में परिणाम जारी किया जाता है. उन्होंने कहा कि पहले परीक्षा की प्रक्रिया करीब छह महीने तक चलती थी, लेकिन अब इसे घटाकर करीब एक महीने किया गया है.
सीएम ने दावा किया कि 2017 से अब तक दी गई 9.30 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियों ने प्रदेश के युवाओं को विकास से जोड़ने में मदद की है. उन्होंने कहा कि यूपी, जिसे कभी ‘BIMARU राज्य’ कहा जाता था, अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और युवाओं को विकास से जोड़कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी हुई है.
सीएम योगी ने रक्षाबंधन पर फ्री बस यात्रा की डेट बढ़ाई, अब इस तारीख तक नहीं लेना पड़ेगा टिकट
ADVERTISEMENT











